रेगिस्तान में बाढ़ से आफत, पहाड़ों पर खतरे में जान, इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
देश के अलग-अलग हिस्से में कुदरत का कहर जमकर टूटा है. पहाड़ों पर टूटती चट्टानें बड़ी मुसीबत बनी हुई हैं जबकि कुछ राज्यों में बाढ़ का प्रकोप अब भी जारी है. जिन राज्यों में बाढ़ का पानी उतरना शुरू हुआ है वहां तबाही ही तबाही दिखाई पड़ रही है. इस बीच मौसम विभाग ने राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है.
इन राज्यों में हो सकती है बारिश
स्काईमेट वेदर रिपोर्ट के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, पूर्वोत्तर भारत और जम्मू कश्मीर में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है.
गुजरात के कई गांवों में बाढ़
गुजरात के भरूच जिले में नर्मदा नदी का पानी छोड़े जाने से कई गांव में बाढ़ का पानी भर गया है. जिले के अंकलेश्वर और झगडीया तहसील में फसलों को बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है. सैकड़ों एकड़ में फसल बर्बाद हो गई है.
मसूरी में टूटकर गिरे पहाड़
पहाड़ों की रानी मसूरी में पहाड़ दरकने और फिर टूटकर धराशायी होने रास्तों को भारी नुकसान पहुंचा है. गलोगी धार के पास पहाडों का मलबा और बोल्डर गिरने से सड़क पूरी तरह से बंद हो गई है. कई मुसाफिर जो उस वक्त रास्ते पर थे उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई. PWD की टीमें जेसीबी की मदद से रास्ता खाली करने में लगी हुई हैं.
झालावाड़ में बह गया युवक
राजस्थान के झालावाड़ में तांडव मचाती लहरें लोगों को डरा रही हैं. यहां एक युवक काफी देर तक लहरों के बीच फंसा रहा और फिर तेज बहाव का शिकार हो गया. पानी में डूबने के बाद उसकी लाश मिल गई है.
यूपी के इस इलाके में बारिश की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग(IMD) के मुताबिक अगले 2 घंटे में उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद और उसके आसपास के इलाकों में हल्की बारिश होगी.
नेपाल में 2 की मौत
नेपाल के बागलुंग में बुधवार को भारी बारिश के बाद आई बाढ़ और भूस्खलन में 2 लोगों की मौत हो गई और 8 से ज्यादा लोग लापता हो गए.