कांग्रेस की भारत बचाओ रैली से पहले राहुल की हुंकार- बीजेपी सरकार की तानाशाही के खिलाफ बोलूंगा

कांग्रेस पार्टी आर्थिक मंदी, किसान विरोधी नीतियों, महिलाओं के खिलाफ हिंसा, बेरोजगारी और संविधान पर हमले को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ आज दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली कर रही है. इसमें कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत कांग्रेस शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं. इस रैली में हिस्सा लेने के लिए देश के कोने-कोने से लाखों कांग्रेस कार्यकर्ता रामलीला मैदान पहुंच रहे हैं.

  • भारत बचाओ रैली को ऐतिहासिक बनाने में जुटी कांग्रेस पार्टी
  • आर्थिक मंदी-बेरोजगारी के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरी कांग्रेस 
  • उत्तर प्रदेश से 40 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता रैली में होंगे शामिल
  • रैली में कांग्रेस नागरिक संशोधन कानून का मुद्दा भी उठाएगी

राहुल गांधी की हुंकार

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रैली से पहले एक ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा है, 'आज दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी की ओर से आयोजित भाजपा सरकार की तानाशाही, I.C.U में पहुंचा दी गई अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र की हत्या के विरोध में जनसभा को संबोधित करूंगा.'
 
यूपी से 40 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे दिल्ली
 
कांग्रेस की भारत बचाओ रैली में उत्तर प्रदेश से 40 हजार से अधिक कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं. इस रैली में उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक भागीदारी होने जा रही है. उत्तर प्रदेश कांग्रेस द्वारा हर विधानसभा से लगभग औसतन 200 लोगों को रैली में ले जाने की रणनीति बनाई गई थी. उत्तर प्रदेश के कोने कोने से ट्रेनों, बसों और गाड़ियों के काफिले से कार्यकर्ताओं का हुजूम दिल्ली में दाखिल हो रहा है.
 
रैली में शामिल होंगे कांग्रेस के शीर्ष नेता
 
कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी शनिवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में 'भारत बचाओ' रैली आयोजित कर रही है. इस रैली का उद्देश्य बीजेपी सरकार की 'विभाजनकारी' नीतियों को उजागर करना है. पार्टी के शीर्ष नेता रैली को संबोधित कर मोदी सरकार की विफलताओं और देश के नागरिकों को बांटने के कथित प्रयासों को उजागर करेंगे.