संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारें - राज्यपाल श्री पटेल
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि भारत जैसे विविधता से परिपूर्ण देश में संविधान के मूल्यों को संसद और न्यायालयों की सीमाओं से आगे ले जाकर जन-जन तक पहुंचाना अत्यन्त आवश्यक है। युवाओं को संविधान के प्रति सम्मान और महत्व से परिचित कराना चाहिए। संविधान के मूल्यों को जीवन में उतारने की प्रेरणा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं में संविधान के प्रति जुड़ाव को और अधिक गहरा करने के विशेष और निरंतर प्रयास किए जाएं। ऐसे प्रयास राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करते हैं। आत्मनिर्भर और विकसित भारत के नव निर्माण का आधार बनते है। राज्यपाल श्री पटेल गुरुवार को डॉ. बी.आर. अंबेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय, महू के आठवें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की। सभी को भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी।
राज्यपाल श्री पटेल ने संविधान दिवस के अवसर पर संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। उन्होंने संविधान सभा के सभी सदस्यों का पुण्य स्मरण भी किया। संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।
सामाजिक समरसता केवल भाषणों में नहीं, व्यवहार में भी दिखे
राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर के नाम पर स्थापित विश्वविद्यालय की सार्थकता तभी सिद्ध होगी, जब समानता, स्वतंत्रता, बंधुता और सामाजिक न्याय के मूल्य हमारी शिक्षण पद्धति, शोध और दैनिक व्यवहार में दिखाई देंगे। केवल सामाजिक समरसता की बात करना पर्याप्त नहीं बल्कि हम सबको अपने व्यवहार में भी इसे उतारना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षित व्यक्ति के व्यवहार में संवेदनशीलता, आत्मीयता और समानता का भाव होना अत्यंत आवश्यक है। किसी व्यक्ति के गरीब होने, साधारण कपड़े पहनने या वंचित समुदाय से आने के कारण उसके प्रति मन में कभी भेदभाव नहीं आना चाहिए।