मध्यप्रदेश के खेल इतिहास में अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर की सौगात से जुड़ा स्वर्णिम अध्याय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज का दिवस भोपाल और मध्यप्रदेश के खेल इतिहास का स्वर्णिम दिवस है। यह खेल क्षेत्र में एक स्वर्णिम अध्याय भी है। भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का लोकार्पण एक बड़ी उपलब्धि है। यह काम्प्लेक्स खेलों और खिलाड़ियों के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण उपहार है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अन्य क्षेत्रों के साथ खेल क्षेत्र के विकास के लिए विशेष प्रयास किए हैं। हमारे युवा खेलों में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन में सफल हुए हैं। खेल क्षेत्र में भारत की कीर्ति पताका लहरा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल के खेल ग्राम नाथूबरखेड़ा में लगभग एक हजार करोड़ रुपए की लागत से निर्मित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स (प्रथम चरण) का लोकार्पण कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपस्थित खेल प्रेमियों से अपने मोबाइल फोन की टार्च जलवाकर लोकार्पण की रस्म में सहभागी होने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रख्यात गायक श्री सुखविंदर सिंह और अन्य कलाकारों का कार्यक्रम में प्रस्तुति के लिए पधारने के लिए अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियन गेम्स 2026 में मध्यप्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि का वितरण किया। कार्यक्रम की गतिविधियों में मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा खेल गांव का अवलोकन, मध्यप्रदेश में खेलों के विकास उपलब्धियों, खेल अकादमियों एवं अधोसंरचना, खेलो इंडिया पर आधारित विशेष वीडियो फिल्म का प्रदर्शन, भारत, चीन, साउथ कोरिया, जापान, मलेशिया, थाईलैंड की टीमों ने मार्चपास्ट किया। प्रसिद्ध गायक श्री सुखविंदर सिंह द्वारा गायन भी शामिल रहा।

केंद्रीय जनजाति कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके ने कहा कि भारत दुनिया का सर्वाधिक युवा राष्ट्र है और मध्यप्रदेश में 28 प्रतिशत युवा रहते हैं। केंद्रीय मंत्री श्री उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के कुशल प्रेरक नेतृत्व में भारत स्वर्णिम राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश खेल सहित हर क्षेत्र में विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।