युवा लाते हैं देश और समाज में परिवर्तन - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को ग्वालियर में यंग थिंकर्स कन्फ्लुअंस-2026 समारोह में युवाओं से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने यंग थिंकर्स एवं सुधिजनों को देवोत्थान एकादशी (तुलसी विवाह) की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज से श्रीहरि विष्णु योगनिद्रा से जाग गए हैं। युवा ही देश और समाज में परिवर्तन लाते हैं। यह समय सबके जागने और समाज को जगाने का भी है। देवोत्थान एकादशी पर हम सभी नए विचारों, नए संकल्पों के साथ जागृत हों। हमें अपने भविष्य की चुनौतियों से मुकाबले के लिए भी तैयार होना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में भारत विश्व का सबसे युवा देश है और यह हमारी पूंजी भी है, लेकिन युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति फोकस्ड होने और प्रतिस्पर्धियों से आगे निकलने के लिए खुद को योग्य बनाना होगा। इसके लिए युवाओं को सही दिशा दिखाने की आवश्यकता है। यंग थिंकर्स कन्फ्लुअंस-2026 का उद्देश्य भी यही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तीन दिवसीय आयोजन में भारतीय ज्ञान परम्परा, दर्शन सहित 300 से अधिक विषयों पर वैचारिक मंथन होगा। उन्होंने कहा कि भारत ही दुनिया में एकमात्र देश है, जो हर तरह के विचारों और धारणाओं का स्वागत करता है। यहां विचारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है और यह हमारी खूबी भी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तीन दिवसीय 'थिंकर्स कॉन्फ्लुएंस-2026' की सराहना करते हुए कहा कि देश भर से पंजीयन और चयन प्रक्रिया के माध्यम से चुने गए 300 युवाओं के विचारों का यह संकलन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प को सिद्ध करेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर के लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान में तीन दिवसीय यंग थिंकर्स कन्फ्लुअंस- 2026 के आठवें संस्करण का शुभारंभ किया। इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के 26 राज्यों से चयनित लगभग 350 युवा विद्वान, अचीवर्स, कलाकार और लेखक भाग ले रहे हैं। समारोह में मुख्यमंत्री ने लेखक श्रीकृष्ण श्रीवास्तव द्वारा लिखित 'अल्लामा इक़बाल के दो चेहरे' नामक पुस्तक का विमोचन भी किया।