कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए आधुनिक तकनीक, निवेश और नवाचार को दिया जा रहा है बढ़ावा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कृषि क्षेत्र को अधिक लाभकारी, आधुनिक और रोजगारपरक बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों की आय में वृद्धि, कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने तथा खेती की लागत कम करने के उद्देश्य से आधुनिक तकनीक, नवाचार और उन्नत कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को नई दिल्ली मंडपम में निजी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थान द्वारा आयोजित भारत एग्रीकल्चरल कॉन्फ्रेंस में सत्र को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार का विशेष ध्यान प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर है। किसानों को परंपरागत खेती के साथ नई तकनीकों और लाभकारी कृषि गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।कृषि क्षेत्र में निवेश को आकर्षित करने और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा रहा है। सिंगल विंडो सिस्टम से निवेशकों को विभिन्न विभागों की आवश्यक अनुमतियां एक ही व्यवस्था के अंतर्गत उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। कृषि एवं उससे जुड़े क्षेत्रों में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कर अधिक से अधिक कृषि भूमि को सिंचित क्षेत्र के दायरे में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों को समय पर पानी उपलब्ध कराने के साथ कृषि अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। इससे उत्पादन में वृद्धि और किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।