देश का नक्सलवाद के दंश से मुक्त होना, हमारी बड़ी उपलब्धि
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर देश में 15 नवम्बर 2021 से मनाया जा रहा राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस अब एक राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। विगत साल जनजातीय गौरव दिवस पर देश में 2 लाख से अधिक कार्यक्रम हुए। साल दर साल इस दिवस को भारी उमंग के साथ मनाने की ललक बढ़ती ही जा रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि इस साल भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती हम दोगुने उत्साह से मना रहे हैं, क्योंकि साल भर में देश को दो बड़ी उपलब्धियां मिली है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि हर मामले में वंचितों को विशेष वरीयता देना हमारी प्राथमिकता रही है। इस प्रथमिकता का प्रतिफल भी अब सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में वर्ल्ड बैंक की एक रिपोर्ट आई। जिसमें कहा गया है कि बीते 12 सालों में सरकार के समर्पित प्रयासों से देश के 50 करोड़ से अधिक लोग ग़रीबी से बाहर निकल चुके हैं। दूसरा इसी साल 31 मार्च 2026 तक पूरा देश नक्सलवाद के दंश (माओवादी गतिविधियों) से पूर्णतः मुक्त हो गया है। यह दोनों ही उपलब्धियां हमें देश और जनता के विकास एवं समग्र कल्याण के लिए प्राण-प्रण से काम करने की नई ऊर्जा, नई उमंग देती है। प्रधानमंत्री श्री मोदी रविवार को भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर देश के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में मनाये गये राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रमों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बताया कि इस साल राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर देश भर में करीब 30 हजार करोड़ रुपए से अधिक की लागत के कई विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया गया है। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा और राष्ट्रीय अस्मिता के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर देने वाले जनजातीय वीर नायकों को आज देश अपने स्वर्णिम इतिहास, अद्भुत विरासत और पूरी श्रद्धा और स्वदेशी स्वाभिमान के साथ गौरवपूर्वक याद कर रहा है। हमारी सरकार ने जनजातीय वीरों की स्मृति और उनके मान-सम्मान में कई बड़े कदम उठाये हैं। अब हम सब जनजातीय महानायकों के बलिदान से न केवल परिचित हो रहे हैं, वरन् उन्हें स्मरण भी कर रहे हैं। यह हमारी राष्ट्रीय चेतना में आये एक बड़े परिवर्तन का आरंभ है।