प्रदेश के समग्र विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याण के लिए 7 हजार करोड़ रूपये से अधिक की स्वीकृति

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रि-परिषद की बैठक मंत्रालय में सम्पन्न हुई। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री श्री चेतन्य कुमार काश्यप ने मंत्रि-परिषद के निर्णयों की जानकारी दी। मंत्री श्री काश्यप ने बताया कि मंत्रि-परिषद ने प्रदेश के समग्र विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याण के लिए 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन और उन्नत देशी गौवंश को बढ़ावा देने के लिए 'गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना' के क्रियान्वयन का अनुसमर्थन किया गया। मंत्रि-परिषद ने प्रदेश के 9 कमजोर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंकों की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए अंशपूंजी सहायता के रूप में 325 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की। इसके साथ ही बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के ड्यू हो चुके निर्वाचन की अवधि एक वर्ष आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

मंत्रि-परिषद ने बैठक में भारत सरकार की आरडीएसएस योजना के पहले चरण में प्रदेश की 1,834 बसाहटों के 46 हजार से अधिक अविद्युतीकृत घरों और 54 शासकीय सार्वजनिक संस्थानों के विद्युतीकरण के लिए 193करोड़72लाख रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी दी गई। प्रदेश में खनिज अन्वेषण नीति के क्रियान्वयन के लिए मध्यप्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त करने की भी स्वीकृति दी गई। मंत्रि-परिषद ने 'वेदान्त पीठ की स्थापना' के अंतर्गत ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में "अद्वैत लोक" के निर्माण के लिए 16वें वित्त आयोग की अवधि वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 के लिए 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये मंजूर किए हैं। इसी अवधि के लिए सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं को निरंतर रखने के लिए 3,059 करोड़ 7 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री वैवेकिक अनुदान से संबंधित योजना को जारी रखने के लिए 1 हजार 165 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई।