नगरनिगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान, महाराज बाड़ा से हटाए हाथ ठेले और फुटपाथों से अवैध कब्जे
ग्वालियर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम ग्वालियर द्वारा रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशन में नोडल अधिकारी एवं संबंधित मदाखलत अधिकारियों के निर्देशानुसार मदाखलत अमले ने शहर के प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों से यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले हाथ ठेलों, फड़ों एवं दुकानों के बाहर रखे अतिक्रमण को हटवाया।
अभियान के अंतर्गत पूर्व विधानसभा क्षेत्र में मदाखलत अधिकारी ने गांधी रोड स्थित बालाजी गार्डन के पास सड़क पर लगाए गए फड़ वालों का सामान जप्त कर अतिक्रमण हटवाया गया। इसके बाद मयूर मार्केट ठाठीपुर में यातायात बाधित कर रहे हाथ ठेले वालों को पीछे करवाया गया तथा बारादरी चौराहे पर सड़क पर लगे हाथ ठेलों को हटवाकर मार्ग को सुगम बनाया गया। उक्त कार्रवाई मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह सिसौदिया एवं पूर्व क्षेत्र के दल द्वारा की गई।
इसी क्रम में महाराज बाड़ा क्षेत्र के सुभाष मार्केट, नजरबाग मार्केट, टोपी बाजार, एसबीआई बैंक, हेमू चौक, छापाखाना, स्काउट एवं गांधी मार्केट के प्रमुख मार्गों से हाथ ठेले और फुटपाथों पर लगाए गए फड़ों को हटवाया गया। दुकानदारों एवं हाथ ठेला संचालकों को हिदायत दी गई कि वे बाजारों के मुख्य मार्गों एवं फुटपाथों पर अतिक्रमण न करें, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। यह कार्रवाई मदाखलत निरीक्षक श्री आजाद खान एवं दक्षिण क्षेत्र के दल द्वारा की गई।
वहीं, प्राप्त शिकायत के आधार पर गुड़ा-गुड़ी का नाका क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए मुख्य मार्गों से हाथ ठेले तथा दुकानों के बाहर रखे स्टैंड बोर्ड, काउंटर, टंगन सहित अन्य सामान हटवाया गया। मदाखलत वाहन के माध्यम से अनाउंसमेंट कर दुकानदारों एवं हाथ ठेला संचालकों को यातायात बाधित नहीं करने की समझाइश भी दी गई।
नगर निगम द्वारा नागरिकों की सुविधा एवं शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। निगम ने दुकानदारों एवं हाथ ठेला संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही अपना व्यवसाय करें तथा सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग प्रदान करें।