क्या फिर हुई पुलवामा हमले जैसी साजिश? श्रीनगर हाइवे पर कार में ब्लास्ट
जम्मू-श्रीनगर हाइवे पर शनिवार सुबह एक ऐसा ब्लास्ट हुआ, जिसने 14 फरवरी को पुलवामा में हुए आतंकी हमले की बदनुमा तस्वीर याद करने को मजबूर कर दिया है. इस ब्लास्ट में सेंट्रो कार पूरी तरह तबाह हो गई है और सबसे हैरानी की बात ये है कि जिस वक्त इस कार में ब्लास्ट हुआ, उसी दौरान हाइवे से सीआरपीएफ का काफिला गुजर रहा था. बताया जा रहा है कि कार ने सीआरपीएफ की एक बस को टक्कर भी मारी, जिससे उसे हल्का नुकसान पहुंचा है, लेकिन गनीमत ये रही कि जवानों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा है.
यह ब्लास्ट शनिवार सुबह 10.30 बजे बनिहाल के नजदीक हुआ है. बताया जा रहा है कि सेंट्रो कार में 2 सिलेंडर थे, साथ ही उसमें यूरिया और तेल की बोतलें भी थीं. अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, जैसे ही सीआरपीएफ का काफिला यहां से गुजरा, उसी वक्त कार में ब्लास्ट हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए. इस कार ब्लास्ट की तस्वीर कुछ वैसी ही है, जैसी पुलवामा अटैक में देखने को मिली थी. हालांकि, पुलवामा अटैक में इस्तेमाल कार में इतनी ज्यादा मात्रा में विस्फोटक भरा था कि वह पूरी नष्ट हो गई थी.