चंडीगढ़ में भयंकर गर्मी, स्कूलों में समय से पहले ही छुट्टियों का ऐलान
चंडीगढ़. पंजाब एवं हरियाण की राजधानी चंडीगढ़ (Chandigarh Weather) में भयंकर गर्मी पड़ रही है. पारा रिकॉर्ड तोड़ रहा है. ऐसे में अब शिक्षा विभाग ने स्कूलों में छुट्टियों का ऐलान कर दिया है. चंडीगढ़ में करीब एक सप्ताह तक सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूल बंद रहे हैं. 22 मई से अगले महीने तीस जून तक स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां रहेंगी.
चंडीगढ़ के शिक्षा विभाग ने अपने आदेशों में कहा कि बच्चों की सेहत को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. आदेश में कहा कि 21 मई स्कलों का अंतिम वर्किंग डे होगा और फिर 30 जून तक स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां रहेंगी. ये आदेश, सरकारी, गैर-सरकारी, एन-एडिड सहित सभी स्कूलों पर लागू होंगे.
चंडीगढ़ में गर्मी से कर्फ्यू जैसे हालात
चंडीगढ़ में मौजूदा समर सीजन में भयंकर गर्मी पड़ रही है. आलम यह है कि शहर के बाजारों में कर्फ्यू जैसे हालात हैं. सूखना लेक में दिन के समय सन्नाटा पसरा हुआ है. वहीं, सूखना लेक का एक हिस्सा सूखने लगा है. यहां पर जमीन पर दरारें पड़ने लगी हैं. इससे पहले, चंडीगढ़ में सोमवार को दिन का तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. वहीं, रात का पारा 28.5 डिग्री पहुंच गया है, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है. चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर तापमान 43.2 डिग्री रहा. मोहाली का अधिकतम तापमान 42.5 और पंचकूला का 41.3 डिग्री रहा है.