करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं पवन सिंह, मुंबई, लखनऊ और पटना में आधा दर्जन फ्लैट, 7 केस भी हैं दर्ज
सासाराम. काराकाट लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे पवन सिंह करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं. यह संपत्ति उन्होंने अपनी मेहनत और स्टारडम के बदौलत हासिल की है. भोजपुरी गायन, फिल्म अभिनय तथा विज्ञापनों के बदौलत उन्होंने करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है. मुंबई, लखनऊ तथा पटना में उनके कई फ्लैट्स हैं. वहीं, लगभग 1 करोड़ रुपए से अधिक का उन पर कर्ज भी है. वह एक करोड़ से अधिक मूल्य की गाड़ी पर चलते हैं और उनके पैतृक जिला आरा में लगभग 100 डिसमिल जमीन भी उनके नाम से है. उनके पास एक स्कूटी भी है.
मुंबई, पटना और लखनऊ में है फ्लैट- भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह का मुंबई में चार फ्लैट है. जिसकी कीमत 5 करोड़ 65 लख रुपए है. वहीं लखनऊ में उनका 2100 स्क्वायर फीट का 80 लाख रुपए का एक फ्लैट है. साथ ही पटना में उनके दो फ्लैट हैं. अगर परिसंपत्ति की बात करें तो उनके पैतृक जिला आरा के सिंगुही गांव में 96 डिसमिल जमीन है. उसके अलावा कुलहरिया में 19 डिसमिल तथा मौला बाग में 4 डिसमिल जमीन उनके नाम है.
एक करोड़ का कर्ज भी है पवन सिंह के नाम
पवन सिंह के हलफनामे के अनुसार, उनके पास 11 करोड़ से अधिक की परिसंपत्तियां हैं. 350 ग्राम सोना है तथा हाथ में मात्र 60 हजार रुपए कैश है. अगर आभूषण की बात करें तो उनके पास 350 ग्राम सोने का आभूषण है जिसे वह खुद पहनते हैं. वहीं, विभिन्न बैंकों में दो करोड़ 60 लाख 10 हजार कैश जमा है. अभिनेता पवन सिंह ने आईसीआईसीआई बैंक से 50-50 लाख का दो ऋण भी लिया है, जिसे किस्त के माध्यम से वे धीरे-धीरे चुकता कर रहे हैं.
कुल 11.7 करोड़ के मालिक हैं पवन सिंह
इस प्रकार कुल 11.7 करोड़ की संपत्ति पवन सिंह के पास है. लखनऊ, मुंबई, पटना तथा आरा में उनकी संपत्तियां हैं. मुंबई से लेकर डेहरी ऑन सोन तक उनके बैंक खाते हैं. जिसमें ढाई करोड़ से अधिक की नगदी जमा है. लेकिन उनके हाथ में मात्र 60 हजार ही कैश हैं. उन्होंने पटना के आशियाना में 75 लाख के दो फ्लैट का भी अपने हलफनामे में जिक्र किया है.
मुंबई, यूपी और बिहार में कुल 7 केस हैं दर्ज
भोजपुरी अभिनेता व पवार स्टार कहे जाने वाले पवन सिंह ने अपने चुनावी शपथ पत्र में बताया है कि उन पर शारीरिक शोषण का एक केस मुंबई के सिविल कोर्ट में लंबित हैं. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के बलिया में भरण पोषण का भी एक मामला उन पर चल रहा है. वहीं, रोहतास जिला में आचार संहिता के 5 केस इसी साल दर्ज हुए हैं.
पत्नी ज्योति से ठीक होते पवन सिंह के संबंध!
मालूम हो कि पवन सिंह का दांपत्य जीवन ठीक-ठाक नहीं रहा है. उनकी पहली पत्नी के द्वारा आत्महत्या कर लिए जाने के बाद वह काफी विचलित हो गए थे. बाद में उनकी शादी ज्योति सिंह से हुई थी. लेकिन उनसे भी तलाक की बात सामने आ गई. जिसको लेकर मामला न्यायालय में है. लेकिन इस बार के लोकसभा चुनाव में जैसे ही पवन सिंह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे तो उनके चुनावी सभा में पवन सिंह के साथ पत्नी ज्योति सिंह को भी देखा गया. जिस कारण ऐसा संदेश आया कि अब पवन सिंह तथा ज्योति सिंह के संबंध ठीक-ठाक हो रहे हैं.