झारखंड को हजारों करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे पीएम मोदी, धनबाद में जनसभा को संबोधित करेंगे

रांची. झारखंड में चंपाई सोरेन के नेतृत्व में नई सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार आज झारखंड पहुंच रहे हैं. इस दौरान दिन के 11 बजे धनबाद के बरवा हवाई अड्डा में आयोजित भाजपा के जनसभा कार्यक्रम को वह संबोधित करेंगे. बताया जा रहा है कि यहां कोडरमा, गिरिडीह एवं धनबाद लोकसभा के लाखों-लाख की संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता व समर्थक शामिल होंगे.

बरवा एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पीएम मोदी का स्वागत किया जाएगा.जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने बताया कि आज 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुर्गापुर से सिंदरी पहुचेंगे, जहां वे हर्ल उर्वरक प्रोजेक्ट का उद्धघाटन करेंगे. इसके बाद प्रधानमंत्री 11 बजे भाजपा द्वारा आयोजित जनसभा में आएंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे.

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिंदरी हर्ल कारखाना का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही धनबाद रेल मंडल की कई बड़ी रेल परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे. पीएम मोदी धनबाद-चंद्रपुरा के बीच वैकल्पिक रेल मार्ग, सोनगर से अंडाल तक तीसरी व चौथी रेल लाइन और धनबाद से टाटानगर को जोड़ने वाली प्रधानखंता-भोजूडीह रेलमार्ग के दोहरीकरण का शिलान्यास करेंगे.

13674 करोड़ की रेल परियोजनाओं के शिलान्यास के साथ ही 3200 करोड़ की लागत से बनी टोरी-शिवपुर प्रथम और द्वितीय तथा बीराटोली-शिवपुरी तीसरी लाइन को देश को समर्पित भी करेंगे. रेलवे के साथ-साथ कई अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे. प्रधानमंत्री देवघर से डिब्रूगढ़ के नई एक्सप्रेस ट्रेन और टाटा से बादाम पहाड़ के बीच नई मेमू ट्रेन के साथ धनबाद रेल मंडल के शिवपुर से खुलने वाली लॉन्ग हॉल मालगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.