अरविंद केजरीवाल के घर अचानक फिर पहुंची दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम, मचा हड़कंप
नई दिल्ली: दिल्ली शराब घोटाला केस में बार-बार ईडी के नोटिस को दरकिनार करने वाले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुसीबत कम नहीं हो रही है. अरविंद केजरीवाल के आवास पर शनिवार की सुबह फिर से दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम पहुंची है. बताया जा रहा है कि यह मामला दिल्ली शराब कांड से जुड़ा नहीं है. दरअसल, दिल्ली पुलिस कमिश्नर को 30 जनवरी को भाजपा नेताओं ने शिकायत दी थी. यह शिकायत 6 पेज की थी. इस शिकायत के बाद ही गुरुवार की रात को दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच को जांच के लिए बोला गया था.
इसके बाद लीगल फॉर्मेलिटी यानी कानूनी औपचारिकता पूरी होने के बाद शुक्रवार की शाम को एसीपी के नेतृव में दिल्ली पुलिस की एक टीम इंक्वॉयरी का नोटिस लेकर अरविंद केजरीवाल के घर गई थी. दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम दिल्ली सचिवालय, सीएम हाउस और मंत्री आतिशी के घर पहुंची थी. बता दें कि इंक्वॉयरी का नोटिस एफआईआर दर्ज होने से पहले दिया जाता है, जिसमें पुलिस शिकायत की जांच के दौरान इंक्वॉयरी का नोटिस देती है.
जब दिल्ली पुलिस की एक टीम आतिशी के घर शुक्रवार को पहुंची थी तो टीम को जानकारी मिली कि आतिशी अभी चंडीगढ़ में हैं. आज फिर एक बार फिर अरविंद केजरीवाल के घर क्राइम ब्रांच की टीम पहुंची है.
आखिर नोटिस के जरिए क्राइम ब्रांच की टीम अरविंद केजरीवाल और आतिशी से क्या-क्या जानना चाहेगी?
1. आप ने किस आधार पर अपने विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाया?
2. आपने जो आरोप लगाया है, उसपे आप के पास क्या क्या सबूत है?
3. अगर कोई सबूत है तो क्राइम ब्रांच को दें, क्राइम ब्रांच उसकी जांच करेगी.