हिमाचल में झमाझम बारिश, शिमला में गिरे ओले, मनाली में भारी स्नोफॉल
शिमला. हिमाचल प्रदेश में बीते 48 घंटे से रुक रुक कर बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है. प्रदेश के कुफरी, नारकंडा, मनाली, लाहौल, स्पीति, कुल्लू, किन्नौर, सांगला वैली, छितकूल सहित मंडी के ऊंचाईं वाले इलाकों बर्फबारी का दौर जारी है. हिमाचल में गुरुवार के लिए भी मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और ऐसे में गुरुवार को कुल्लू, मंडी, शिमला, सहित अन्य इलाकों में झमाझाम पानी बरस रहा है. शिमला में बीती रात को भारी ओले गिरे हैं. ओले की बरसात से शिमला सफेद हो गया है. हालांकि, अब शिमला शहर को बर्फबारी का इंतजार है. हल्के फाहे जरूर शहर में गिरे हैं.
जानकारी के अनुसार, हिमचाल प्रदेश में बीते 24 घंटे से मौसम मेहरबान हुआ है. शिमला के नारकंडा, कुफरी, शिलाई, खड़ापत्थर, रोहड़ू, चांसल घाटी में अच्छी बर्फबारी देखने को मिली है. मनाली शहर में भी लगातार हिमपात हो रहा है. यहां पर शहर से आगे वाहनों को जाने नहीं दिया जा रहा है.
अटल टनल और लाहौल स्पीति के केलांग, सिस्सु, कोकसर में ताजा हिमपात का दौर जारी है. लगातार बारिश-बर्फबारी से हिमाचल प्रदेश का किसान बागवान और आम लोग खुश हैं. लंबे समय बाद हिमाचल में तेज बरसात और बर्फबारी हुई है. हालांकि, जनवरी माह एक तरह से सूखा निकला है. 99 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई है और 17 साल का रिकॉर्ड टूटा है.