बंगाल में ED का बड़ा एक्शन, फरार TMC नेता शाहजहां के घर फिर रेड, फोर्स ने गांव को घेरा

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में राशन घोटाला मामले में बुधवार की सुबह ईडी का एक बार फिर एक्शन दिखा है. फरार चल रहे टीएमसी नेता शाहजहां शेख के घर पर ईडी की टीम छापेमारी करने पहुंची है. बताया जा रहा है कि उत्तर 24 परगना के संदेशखाली स्थित फरार टीएमसी नेता शाहजहां के घर पर ईडी की टीम ताला तोड़कर घुसी है. ईडी की टीम के साथ सेंट्रल फोर्स की टीम भी मौजूद है. टीएमसी नेता शाहजहां शेख के घर से लेकर सड़क तक सेंट्रल फोर्स की तैनाती की गई है. ईडी की टीम के साथ करीब 100 जवान हैं, जिन्होंने टीएमसी नेता के घर को चारों ओर से घेर रखा है. बता दें कि ईडी ने लुकआउट नोटिस जारी कर रखा है.

बता दें कि राशन घोटाला मामले में इससे ठीक 19 दिन पहले ईडी की टीम टीएमसी नेता शाहजहां शेख के घर छापेमारी करने पहुंची थी, जहां टीएमसी नेता के समर्थकों ने ईडी की टीम पर हमला बोल दिया था, जिसमें कई अधिकारी चोटिल हो गए थे. बुधवार की सुबह जब ईडी की टीम शाहजहां शेख के घर छापेमारी करने पहुंची तो इसके साथ स्थानीय पुलिस भी आ धमकी और वह ईडी की टीम से सर्च वारंट मांग रही है. बताया गया कि ताला तोड़ने वालों से टीएमसी नेता के घर का ताला तुड़वाया गया.

सूत्रों की मानें तो स्थानीय पुलिस चाहती थी कि पूरी तलाशी की वीडियोग्राफी राज्य पुलिस द्वारा की जाए, जिसे ईडी ने अस्वीकार कर दिया है. दो गवाह होंगे जो छापेमारी के समय पुलिस के साथ रहेंगे. इस बात का आश्वासन ईडी ने दिया है. स्थानीय पुलिस के सूत्रों का कहना है कि इस बार ईडी ने शाहजहां के आवास पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय पुलिस को सूचित कर दिया था. ईडी अब शाहजहां आवास का ताला तोड़ रही है.

गौरतलब है कि आरोप है कि टीएमसी नेता शाहजहां शेख के सैकड़ों समर्थकों ने बीते दिनों ईडी और अर्धसैनिक बलों की टीम पर हमला किया था. हमले के बीच घटनास्थल पर मौजूद कई मीडिया वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई ती. न्यूज18 बांग्ला के संवाददाता के साथ भी मारपीट की गई थी, उनकी कार में तोड़फोड़ की गई और कैमरा तोड़ दिया गया. टीएमती नेता शेख के समर्थकों ने ईडी अफसरों पर हमला किया, जिसकी वजह से छापेमारी नहीं की जा सकी थी.