राम मंदिर में कमल पर विराजमान होंगे 5 साल के रामलला

नई दिल्ली. अयोध्या में नवर्निर्मित राम मंदिर में लगने वाली रामलला की मूर्ति फाइनल कर दी गई है. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि राम मंदिर में स्थापना के लिए मैसूर के अरुण योगीराज द्वारा बनाई गई राम लला की मूर्ति को चुना गया है. इस मूर्ति को 18 जनवरी को श्री रामजन्मभूमि तीर्थ पर गर्भगृह में स्थापित किया जाएगा.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रामलला की इस प्रतिमा में पांच वर्षीय बालक का स्वरूप दिखाया गया है. इसमें रामलला कमल के ऊपर बैठे हैं. यह पूरी प्रतिमा श्र्यामल वर्ण की है, जिसमें रामलला के आभा मंडल पर विष्णु के दशावतारों का विवरण दिया गया है.

चंपत राय ने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या धाम में अपने नव्य भव्य मंदिर में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम और पूजन विधि 16 जनवरी से शुरू हो जाएगी, जबकि जिस प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जानी है, उसे 18 जनवरी को गर्भ गृह में अपने आसन पर स्थापित किया जाएगा.

20-21 जनवरी को बंद रहेगा राम मंदिर
चंपत राय ने कहा कि 22 जनवरी को पौष शुक्ल द्वादशी अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम संपन्न किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मंदिर 20 और 21 जनवरी को बंद रहेगा और लोग 23 जनवरी से फिर से भगवान के दर्शन कर सकेंगे.