मालदीव के उच्चायुक्त को भारत ने किया तलब, PM मोदी पर अपमानजनक टिप्पणी पर जताई नाराजगी

नई दिल्ली: मालदीव के मंत्रियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी को लेकर दोनों देशों के बीच तल्खी बढ़ गई है. इस बीच खबर है कि भारत के विदेश मंत्रालय ने मालदीव के उच्चायुक्त को तलब किया है. मालदीव के उच्चायुक्त इब्राहिम शाहीब दिल्ली के साउथ ब्लॉक में विदेश मंत्रालय पहुंचे. पीएम मोदी के खिलाफ बयानों पर मंत्रियों की टिप्पणियों को लेकर सख्त नाराजगी जताई है.

बता दें कि मालदीव की महिला मंत्री मरियम शिउना ने पीएम मोदी को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. इस मुद्दे को भारत ने मालदीव की मोहम्मद मुइज्जू सरकार के सामने उठाया था. माले में भारतीय उच्चायुक्त ने मंत्री की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई थी. इसके बाद मंत्रियों को सस्पेंड किया गया था.

भारत की आपत्ति के बाद मालदीव सरकार ने बयान जारी कर कहा था कि यह उनकी व्यक्तिगत राय है. मंत्री की टिप्पणी मालदीव सरकार के विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करती है. वहीं मंत्रियों के अपमानजनक बयानों के बाद भारत में मालदीव का विरोध होना शुरू हो गया. सोशल मीडिया पर आम लोगों से लेकर सेलिब्रिटी तक ने मालदीव का विरोध किया.

मालूम हो कि रविवार को भारत में सोशल मीडिया पर #BoycottMaldives ट्रेंड करने लगा. सोशल मीडिया पर कई लोगों ने अपनी रद्द की गई हवाई यात्रा और होटल बुकिंग के कथित स्क्रीनशॉट शेयर किया. वहीं सोमवार को ट्रैवल क्षेत्र की दिग्गज भारतीय कंपनी EaseMyTrip ने मालदीव जाने वाली सभी फ्लाइट्स बुकिंग बंद कर दी. इसके बाद माना जा रहा है कि इस विवाद से मालदीव टूरिज्म को बड़ा झटका लग सकता है.