सीआरपीएफ, बीएसएफ सहित अन्य केंद्रीय बलों के डेढ लाख जवान कराएंगे निष्पक्ष चुनाव
नई दिल्ली. पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की सुरक्षा तैयारियां शुरू हो चुकी है। निष्पक्ष विधानसभा चुनाव के लिए गृहमंत्रालय 1700 कंपनियां तैनात करेगा। इसमें केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बल शामिल रहेंगे। इसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, भारत तिब्बत सीमा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और अन्य राज्यों की विशेष पुलिस इकाइयों के जवान भी तैनात होंगे। एक कंपनी में लगभग 70 से 80 जवान होते है। एक बटालियान में 1000 सैनिक होते है। ऐसे में लगभग 1.5 लाख जवान-पदाधिकारी चुनावी ड्यूटी में लगाए जाएंगे।
राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ, तेलंगाना और मिजोरम में 7 से 30 नवंबर के बीच मतदान होगा और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी। नक्सली हमले की आशंका को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ में दो चरणों में चुनाव होंगे। इसमें 7 नवंबर को 20 सीटों पर और 17 नवंबर को 70 सीटों पर मतदान होगा। राजस्थान में 25 को, मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को, मिजोरम में 7 नवंबर को और तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान होगा।