इजरायल से 235 भारतीयों का दूसरा बैच नई दिल्ली पहुंचा, युद्ध के बीच आगे भी जारी रहेगा निकासी अभियान
नई दिल्ली: ‘ऑपरेशन अजय’ के हिस्से के रूप में आयोजित एक विशेष उड़ान से भारतीय नागरिकों का दूसरा जत्था आज सुबह युद्धग्रस्त इजरायल से सुरक्षित नई दिल्ली लौट आया. दो शिशुओं सहित 235 भारतीय नागरिकों को लेकर एक स्पेशल फ्लाइट शनिवार सुबह नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGIA) पर उतरी. फ्लाइट ने स्थानीय समयानुसार रात 11:02 बजे उड़ान भरी थी. एयरपोर्ट पर विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह ने भारतीय नागरिकों की अगवानी की. फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास के साथ उग्र संघर्ष के बीच ‘ऑपरेशन अजय’ के तहत पहली चार्टर उड़ान, इजरायल से 212 भारतीय नागरिकों को लेकर शुक्रवार सुबह दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरी थी.
‘ऑपरेशन अजय’ मिशन के डेटाबेस में सभी भारतीयों को पंजीकृत करने के लिए भारतीय दूतावास द्वारा शुरू किए गए एक अभियान के बाद यात्रियों को ‘पहले आओ पहले पाओ’ के आधार पर चुना गया है. उनकी वापसी का खर्च भारत सरकार उठा रही है. भारत ने 7 अक्टूबर को गाजा से हमास आतंकवादियों द्वारा इजरायली शहरों पर किए गए निर्मम हमलों के बाद घर लौटने के इच्छुक लोगों की वापसी की सुविधा के लिए गुरुवार को ‘ऑपरेशन अजय’ शुरू किया था. क्योंकि इस अस्थिर क्षेत्र में ताजा तनाव पैदा हो गया है. भारतीय नागरिकों को युद्धग्रस्त क्षेत्र से बाहर निकालने का काम रविवार को भी जारी रहेगा.
भारतीय दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘आज विशेष उड़ान के लिए पंजीकृत भारतीय नागरिकों की अगली खेप को ईमेल कर दिया गया है. बाद की उड़ानों के लिए अन्य पंजीकृत लोगों को संदेश भेजा जाएगा.’ इजरायल में लगभग 18000 भारतीय नागरिक रहते और काम करते हैं, जिनमें देखभाल (केयरगिवर्स) करने वाले, छात्र, कई आईटी पेशेवर और हीरा व्यापारी शामिल हैं. गाजा पट्टी में स्थित सशस्त्र हमास आतंकवादियों ने 7 अक्टूबर की सुबह सुरक्षा बाड़ को तोड़कर जमीन, हवा और समुद्र के रास्ते इजरायल में घुसने के बाद भारतीय नागरिकों को निकालना जरूरी हो गया था.
इजरायल ने इसे होलोकॉस्ट के बाद से देश पर हुए सबसे अभूतपूर्व हमले के रूप में वर्णित किया है. इजरायल में हमास आतंकियों ने 1300 से अधिक लोगों को मौत के घाट उतार दिया, जिनमें 200 के करीब इजरायली सुरक्षा बल शामिल हैं. जवाबी कार्रवाई में इजरायल ने गाजा पर धावा बोल दिया है जिसमें 1900 से अधिक लोग मारे गए हैं. इजरायल ने अपने घर में लगभग 1500 हमास आतंकवादियों को मार गिराने का दावा किया है. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने देश के लोगों से हमास का नामोनिशान मिटाने का वादा किया है. एक हफ्ते तक गाजा पट्टी पर एयर स्ट्राइक करने के बाद अब इजरायली सेना ने जमीनी धावा बोला है.