लद्दाख में बर्फीले तूफान का कहर, 4 शव बरामद, लापता 7 लोगों की तलाश जारी
जम्मू-कश्मीर के लेह लद्दाख में भारी हिमस्खलन हुआ है, जिसकी चपेट में कई वाहन आ गए हैं. ये वाहन बर्फ के नीचे दब गए हैं. इन वाहनों में 10 सैलानियों के सवार होने की बात कही जा रही है. अभी तक 4 शवों को बर्फ से बाहर निकालने में कामयाबी मिली है, जबकि 6 लोगों के अब भी बर्फ में दबे होने की आशंका जताई जा रही है. वहीं, इस घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम राहत और बचाव अभियान में जुटी हुई हैं. हालांकि मौसम में हो रहे पल-पल बदलाव की वजह से राहत और बचाव काम में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
आपको बता दें कि लद्दाख समेत पूरे जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फीले तूफान का तांडव जारी है. बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे लद्दाख के खारदुंगला में बीच सड़क पर बर्फ का पहाड़ गिर गया, जिसकी चपटे में कई पर्यटक आ गए. खारदुंगला दर्रे पर यह दुनिया की सबसे ऊंची सड़क है, जहां तापमान माइनस 15 से भी नीचे पहुंच गया है. बर्फ में कई पर्यटकों के दबे होने की बात कही जा रही है. इसके अलावा बर्फीले तूफान में भी कई लोग फंसे हुए हैं, जिनको बचाने की कोशिश जारी है.