21वीं सदी एशिया की, आसियान भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का स्तंभ

नई दिल्ली. इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित असियान समिट-2023 में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इंडोनेशिया पहुंचे. पीएम मोदी ने यहां समिट में मौजूद अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों को संबोधित किया. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और आसियान के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि वन अर्थ, वन फैमिली हमारा मंत्र है. हमें हर क्षेत्र में मिलकर काम करने की जरूरत है.
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वैश्विक विकास में आसियान क्षेत्र की अहम भूमिका है. वसुधैव कुटुंबकम ‘वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर’ यही भावना भारत की जी-20 अध्यक्षता की थीम है. 21वीं सदी एशिया की सदी है. मुझे विश्वास है कि आज हमारी बातचीत से भारत और आसियान क्षेत्र के भावी भविष्य को और सुदृढ़ बनाने के लिए नए संकल्प लिए जाएंगे.

इसके अलावा आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा, ‘आसियान भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का केंद्रीय स्तंभ है. भारत की इंडो-पैसिफिक पहल में भी आसियान क्षेत्र का प्रमुख स्थान है. वैश्विक अनिश्चितताओं के माहौल में भी हर क्षेत्र में हमारे आपसी सहयोग में लगातार प्रगति हो रही है.’

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आसियान समिट के सफल आयोजन पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोदो का अभिनंदन किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘आसियान और भारत की साझेदारी चौथे दशक में प्रवेश कर रही है. इस समिट के शानदार आयोजन के लिए मैं इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोदो का मैं अभिनंदन करता हूं. आसियान समिट की अध्यक्षता के लिए उन्हें बहुत-बहुत बधाई.’