Nuh Shobha Yatra - नलहड़ मंदिर में 50 लोगों को जलाभिषेक की इजाजत
चंडीगढ़. हरियाणा के नूंह में हिंदू संगठनों ने एक बार फिर से ब्रजमंडल शोभा यात्रा निकालने का ऐलान किया है. ऐसे में सोमवार सुबह नूंह के नलहड़ मंदिर में लोगों ने पूजा अर्चा शुरू की है. हालांकि, पूजा के लिए पुलिस ने केवल स्थानीय लोगों को मंदिर में जाने दिया है. सोमवार सुबह नूंह शहर के लोगों को नलहड़ मंदिर में जाने से पहले रोका गया है.
बाद में स्थानीय होने के चलते पहचान पत्र देखकर मंदिर जाने दिया गया. फिलहाल, यहां पर पुलिस का सख्त पहरा है और एंट्री प्वाइंट पर गाड़ियों की जांच की जा रही है. मीडिया को वीडियो बनाने की भी इजाजत नहीं दी गई है. लोगों को लोकल पहचान देने के बाद मंदिर में जाने की इजाजत मिली है.
नूंह शहर के 25 से 30 लोग नल्हड महादेव मंदिर पर श्रावण मास के आखिरी सोमवार को जलाभिषेक करने के लिए पहुंचे हैं. लोगों को मंदिर से 3 किलोमीटर पहले नाके लगाकर रोक दिया गया गया है. किसी भी बाहरी शख्स को यहां पर एंट्री के आदेश नहीं हैं.
उधर, पुलिस ने अयोध्या से आए संतो को पुलिस ने गुरुग्राम-नूंह बॉर्डर पर रोका है. अयोध्या से आए संत नूंह के नलहड जाना चाहते है. संत नलहड़ शिव मंदिर में जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने फिलहाल उन्हें रोक दिया है. फिलहाल, नूंह के अलावा, सोनीपत जिले में धारा 144 लगाई गई है. साथ ही नूंह में स्कूल-कॉलेज, बैंक और ऑफिस भी बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं. सरकार ने नूंह जिले में मोबाइल इंटरनेट और बल्क SMS सेवाओं को भी बैन कर दिया है.