कारगिल में बोले राहुल गांधी- लद्दाख के लोगों के DNA में ही प्यार, यूपी-बिहार के लोगों ने भी की तारीफ

कारगिल: लद्दाख में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि यहां हमने यूपी-बिहार से आने वाले श्रमिकों से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि लद्दाख के लोगों के डीएनए में ही प्यार और मदद करना है. राहुल गांधी ने जनसभा में आगे कहा कि यहां काम करने वाले यूपी-बिहार के लोगों से मैंने बात की तो उन्होंने लद्दाख को अपना दूसरा घर बताया और कहा कि यहां के लोग उनकी हर तरह से मदद करते हैं.


राहुल गांधी ने कहा, मैंने यहां काम कर रहे यूपी-बिहार के लोगों से पूछा क‍ि आप यहां सर्दी में काम कर रहे हो. आप यूपी बिहार से आए हो. यहां इतनी सर्दी पड़ती है. यहां माइनस 10 और 20 डिग्री तापमान चला जाता है. उन्‍होंने बताया कि उन्‍हें यहां कोई दिक्‍कत नहीं होती. यहां सर्दी बहुत होती है, पत्‍थर गिर जाते हैं, तो लद्दाख के लोग हमारी मदद करते हैं.