नूंह हिंसा में अब तक 6 की मौत, 116 लोग गिरफ्तार, 8 जिलों में धारा 144, सीएम खट्टर बोले- दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा

नूंह हिंसा के बाद गुरुग्राम और फरीदाबाद सहित पूरे हरियाणा में हालात आज भी तनावपूर्ण हैं. हिंसा मामले में अब तक कुल 44 एफआईआर दर्ज की गई है तथा 100 से अधिक लोगों को नामजद कर हिरासत में लिया गया है. हिंसा में अभी तक कुल 6 लोगों की मौत हो चुकी है. केंद्रीय सुरक्षा बलों की 20 कंपनियां और हरियाणा पुलिस की टुकड़ियां लगातार शांति बहाली का प्रयास कर इलाके में फ्लैग मार्च कर रही हैं. हालात को देखते हुए अन्य जिलों में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है. नूंह में हुए हिंसक हमले के बाद लोगों में काफी रोष है. इसको लेकर बुधवार शाम को 4 बजे मानेसर में एक बड़ी महापंचायत बुलाई गई है.

सेक्टर 70 में आगजनी की खबरों के बीच राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में तनाव जारी रहने के कारण बुधवार तड़के गुरुरगाम के बादशाहपुर में रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) द्वारा एक फ्लैग मार्च किया गया, जहां सेक्टर 70 में आगजनी की कई सड़क किनारे की दुकानों में गुस्सैल भीड़ द्वारा आग लगा दी गई. हरियाणा के पड़ोसी राज्य राजस्थान में भीड़ द्वारा मंगलवार को भिवाड़ी में कुछ दुकानों में तोड़फोड़ करने के बाद अलवर जिले के दस ब्लॉकों में 10 अगस्त तक धारा 144 लागू कर दी गई है.