बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न मामले में आज होगा बड़ा फैसला

नई दिल्ली. भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brijbhushan Sharan Singh) के लिए आज का दिन बेहद अहम है. बृजभूषण सिंह की ओर से दायर नियमित जमानत याचिका पर आज दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट (Rouse Avenue Court) में सुनवाई होगी. महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में पिछली सुनवाई में कोर्ट ने बृजभूषण शरण सिंह को 2 दिन की अंतरिम जमानत दे दी थी.

18 जुलाई को बृजभूषण शरण सिंह के अलावा उनके करीबी और कुश्ती महासंघ के सहायक सचिव विनोद तोमर (Vinod Tomar) को भी अंतरिम जमानत मिली थी. उन्हें बृजभूषण शरण सिंह के साथ इस मामले में सह-आरोपी बनाया गया है. महिला पहलवानों ने विनोद तोमर पर आरोप लगाए हैं कि वह डब्ल्यूएफआई के मुखिया से उनकी मुलाकात अकेले में कराते थे. दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने अपनी चार्जशीट में बताया है कि विनोद तोमर रेसलिंग फेडरेशन के अध्यक्ष की मदद करते थे.

6 बालिग महिला रेसलर्स ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं
दरअसल, 6 बालिग महिला पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने पिछले दिनों राउज एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी. चार्जशीट पर संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने बृजभूषण सिंह को तलब किया था.

लगभग 2 महीने तक चला था महिला पहलवानों का प्रदर्शन
विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया की अगुआई में पहलवानों ने हाल में लगभग 2 महीनों तक दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन किया था. प्रदर्शनकारी पहलवान बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. दिल्ली पुलिस ने 28 मई को कानूनी व्यवस्था का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारी पहलवानों को वहां से हटा दिया था. इसके बाद इन पहलवानों का दंगल सोशल मीडिया पर शुरू हो गया था. हालांकि अब विनेश और बजरंग विदेश में एशियाड की तैयारी कर रहे हैं वहीं संगीता ने रैंकिंग सीरीज में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया था.