सीमा हैदर पाकिस्तान जाएगी या फिर भारत में चलेगा केस? UP ATS की पूछताछ पूरी, जानिए अब आगे क्या होगा
लखनऊ. पाकिस्तान के कराची से यूपी के नोएडा पहुंची सीमा गुलाम हैदर से यूपी ATS की तीन दिन तक चली पूछताछ पूरी हो चुकी है. ,पूछताछ के दौरान ATS को कई अहम जानकारी हाथ लगी है. अब यूपी ATS अपनी रिपोर्ट गृह विभाग को सौंपेगी, जिसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी. सूत्रों के अनुसार सीमा हैदर को पाकिस्तान डिपोर्ट किया जा सकता है. हालांकि इस पर फैसला लेने से पहले सरकार को कोर्टसे अनुमति लेनी होगी, क्योंकि सीमा हैदर और उसके चार बच्चों पर भारत में अवैध तरीके से प्रवेश करने का केस दर्ज है और वह जमानत पर है.
इस मामले में स्पेशल डीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि सीमा हैदर ने अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था. उनके खिलाफ नोएडा के रबूपुरा थाने में 4 जुलाई को मुकदमा दर्ज किया गया है. इस मामले में विधिक कार्रवाई प्रचलित है. मामले में यूपी ATS भी जांच कर रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.
UP ATS की पूछताछ में जो बात निकलकर सामने आई है उसमे यह पता चला है कि सीमा हैदर पाकिस्तान में अपना घर बेच कर प्रेमी सचिन मीणा के पास नोएडा आई थी. 4 जुलाई 2023 को नोएडा पुलिस ने सीमा गुलाम हैदर को विदेशी अधिनियम और अपराधिक साजिश के तहत गिरफ्तार किया था.
सन 2020 में पब्जी ऑनलाइन गेम के जरिए से सचिन मीणा के संपर्क में सीमा हैदर आई थी. दोस्ती बढ़ने पर दोनों व्हाट्सएप पर बात करते थे. 10 मार्च 2023 को सीमा हैदर नेपाल आई थी. सचिन मीणा भी 10 मार्च को भारत से नेपाल पहुंचा था. 10 मार्च 2023 से 17 मार्च तक नेपाल के काठमांडू में सीमा और सचिन साथ रहे. 17 मार्च को सीमा पाकिस्तान चली गई. इसके बाद 11 मई को अपने चारों बच्चों को लेकर सीमा हैदर पाकिस्तान से काठमांडू नेपाल होते हुए गैरकानूनी तरीके से 13 मई को भारत आ गई.
13 मई से ही नोएडा में साथ रह रहे थे सचिन और सीमा
13 मई से ही सीमा हैदर सचिन मीणा के साथ नोएडा के रबूपुरा में किराए के मकान में रहने लगी. जानकारी मिलने पर रबूपुरा पुलिस ने सचिन मीणा ,सीमा गुलाम हैदर ,सचिन के पिता नेत्रपाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा। तीनों आरोपी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं. पूछताछ में सीमा हैदर ने बताया कि उसका पति 2019 से सऊदी अरब में नौकरी कर रहा है. सीमा का पति घर खर्च के लिए हर महीने 70- 80 हज़ार रुपए सऊदी से भेजता था. घर खर्च के बाद हर महीने 20 से 25 हज़ार रुपए सीमा बचाती थी. सीमा ने अपने गांव में 10 हज़ार रुपए की 20 महीने के लिए दो कमेटी भी डाली थी. दोनों कमेटी खुलने पर उसके पास दो लाख रुपए जमा हो गए थे. कमेटी और बचत के पैसे से सीमा हैदर ने 12 लाख रुपए में एक मकान खरीदा था. तीन महीने बाद ही सीमा ने 12 लाख रुपए में वो मकान बेच दिया था. उसने बताया कि सचिन के पास भारत आने के लिए सीमा हैदर ने अपना मकान बेच डाला.