दिल्ली के बाद यमुना ने गाजियाबाद में बरपाया कहर, लोनी के कई गांवों में घुसा पानी
गाजियाबाद. राजधानी दिल्ली के बाद यमुना का पानी अब यूपी के गाजियाबाद में भी घुसने लगा है. यमुना में आई बाढ़ से लोनी इलाके के दर्जनों गांव डूब गए हैं. कई घरों में पानी घुस चुका है तो कई डूबने का कगार पर हैं. बाढ़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने गांव से लोगों को बाहर निकालने का काम भी शुरू कर दिया है.
बागपत और लोनी की सीमा पर पानी के तेज बहाव से यमुना नदी का पुश्ता बांध टूट गया, जिसके चलते पानी लोनी के ट्रॉनिका सिटी, अलीपुर, पचायरा, नवादा, मीरपुर हिंदू, सुंदरपुर और नौसरपुर गांव तक पहुंच गया. ट्रॉनिका सिटी इंडस्ट्रियल एरिया की सड़कों पर पूरी तरह पानी भरा है. पुलिस चौकी के अंदर भी पानी पहुंच रहा है. सड़क पर गाड़िया पानी में चलती दिखाई दे रही है.
बांध को दुरुस्त करने के प्रयास में रात से जुटा प्रशासन
वहीं बांध को दुरुस्त करने में बागपत और गाजियाबाद जिला प्रशासन कामयाब नही हो पाया है. जो पुश्ता रात तक करीब 20 फीट क टूटा था, यमुना के तेज बहाव से वो पुश्ता अब करीब 100 फिट से भी अधिक क्षत्रिग्रस्त हो चुका है. गुरुवार शाम को ही जिला प्रशासन ने यमुना के आसपास के सभी गांव में बाढ़ की संभावना के चलते अलर्ट रहने की मुनादी करा दी थी. इसके अलावा NDRF की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया था.
जलस्तर बढ़ने के कारण मंडोला और आवास विकास बिजलीघर की बिजली सप्लाई को अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया है. जिसकी चलते हजारों उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना भी करना पड़ रहा है. इतना ही नहीं लगातार बढ़ रहे जलस्तर से जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई. है तस्वीरों में आप देख सकते हैं किस कदर नवनिर्मित शॉपिंग मॉल के बाहर पानी भरा हुआ है. इतना ही नहीं थाना ट्रॉनिका सिटी की पुलिस चौकी में भी कई फुट पानी भर चुका है. साथ ही इलाके में रहने वाले लोगों का कहना है कि वह बेशक नीचे की तरफ आ गए हैं, लेकिन उनके मवेशी अभी भी जलभराव में फंसे हुए हैं और बाकी की दिनचर्या भी उनकी खराब हो चुकी है. बेहद ही बुरे हालात में रहना पड़ रहा है.