गोवा की तरह MP में पयर्टकों की सुरक्षा करेगी पुलिस
भोपाल. पिछले महीने भोपाल में एक पर्यटक के साथ लूट की घटना के बाद पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस का तरीका बदलेगा। जिस तरह से गोवा की पुलिस देश-दुनिया से वहां पहुंचने वाले पर्यटकों की सुरक्षा करती है उसी प्रकार की व्यवस्था प्रदेश पुलिस करेगी। गोवा की पुलिस व्यवस्था देखने के लिए मप्र पुलिस का एक दल जाएगा।
बुधवार को मंत्रालय में हुई बैठक में गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने दल को गोवा भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आने वाले पर्यटकों की भाषा समेत पूरी जानकारी पुलिस को होनी चाहिए। बैठक में एक देश, एक पुलिस पर भी सहमति बन गई है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक देश, एक ड्रेस” लागू करने की बात कही है।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में छह हजार 500 नए पुलिस आवास निर्मित किए गए हैं, जबकि पांच हजार से अधिक निर्माणाधीन हैं। मंत्री ने निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने शीघ्र ही जिला स्तर पर नार्को कोआर्डिनेशन सेंटर (एन-कोर्ड) की बैठकें करने निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना, अपर मुख्य सचिव गृह डा. राजेश राजौरा मौजूद थे।