आम आदमी के लिए राहत, कम हुई महंगाई, मई में 7.04 फीसदी रही खुदरा महंगाई दर
नई दिल्ली. महंगाई के मोर्चे पर आम आदमी के लिए राहत भरी खबर है. दरअसल, मई, 2022 में खुदरा महंगाई दर में कमी आई है. मई में खुदरा महंगाई दर 7.04 फीसदी रही है जबकि अप्रैल में 7.79 फीसदी रही थी.
शहरी इलाकों में खाद्य महंगाई में बढ़ोतरी
मई में खाद्य महंगाई दर 7.97 फीसदी रही जबकि अप्रैल में यह 8.38 फीसदी रही थी. हालांकि मई महीने में शहरी इलाकों में खाद्य महंगाई में बढ़ोतरी आई है. शहरी इलाकों में अप्रैल में खाद्य महंगाई दर 8.09 फीसदी रही था जो मई में बढ़कर 8.20 फीसदी रही.
36 दिनों के अंदर दो बार बढ़ी रेपो रेट
दूसरी ओर रिजर्व बैंक ने महंगाई को काबू में करने के लिए ब्याज दरों में करीब 1 फीसदी की बढ़ोतरी एक माह के भीतर कर दी है. दरअसल, आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने 8 जून, 2022 को रेपो रेट में 50 बेसिस पॉइंट्स की बढ़ोतरी का ऐलान करते हुए इसे 4.40 फीसदी से बढ़ाकर 4.90 फीसदी कर दिया था. इससे पहले केंद्रीय बैंक ने 4 मई, 2022 को ही रेपो रेट में 40 बेसिस पॉइंट्स की बढ़ोतरी करते हुए इसे 4.00 फीसदी से बढ़ाकर 4.40 फीसदी किया था.