रांची हिंसा में अब तक 2 लोगों की मौत, इंटरनेट सेवा अगले आदेश तक बंद
नूपुर शर्मा के बयान के खिलाफ शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद रांची समेत देशभर में जमकर बवाल हुआ. नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रांची के कई इलाकों में उपद्रवियों ने पत्थरबाजी और हंगामा किया. इस घटना में अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल हैं, जिनका रिम्स सहित अन्य निजी अस्पतालों मे इलाज चल रहा है. प्रशासन ने एहतियातन रांची के 13 थाना क्षेत्रों मे धारा 144 लागू कर दिया है. वहीं गृह विभाग की कि तरफ से इंटरनेट सेवाओं को भी बंद अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है.
बता दें, रांची में शुक्रवार की दोपहर जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल के बाद स्थिति पुलिस के नियंत्रण में तो है, लेकिन हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं. रांची के लालपुर, लोअर बाजार, डेली मार्केट, हिंदपीढ़ी, जगन्नाथपुर, कोतवाली, सुखदेव नगर, पंडरा ओपी, चुटिया, डोरण्डा और अरगोड़ा थाना क्षेत्र में धारा 144 लगा दिया गया है. इन इलाकों में एक साथ 4 लोगों के जमा होने पर मनाही है.