दिल्ली में सुबह-सुबह आंधी के साथ झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत; विमान सेवा प्रभावित
देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज यानी सोमवार की सुबह तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया. दिल्ली में आज सुबह-सुबह हुई बारिश से दिल्लीवालों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली. राजधानी में बारिश के साथ-साथ हवा भी तेज चल रही है. इतना ही नहीं, आंधी-पानी का असर विमान परिचालन पर भी पड़ा है. बता दें कि भारत मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना जताई थी.
दरअसल, नोएडा, गाजियाबाद समेत दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह तेज आंधी के साथ बारिश हुई. दिल्ली में अभी भी हवा काफी तेज चल रही है और लोगों को ठंडक का एहसास हो रहा है. बता दें कि मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था. दिल्ली में दिल्ली में बारिश की वजह का असर विमान परिचालन पर भी पड़ा है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट ने कहा है कि खराब मौसम के कारण दिल्ली हवाईअड्डे पर उड़ानों का परिचालन प्रभावित हुआ है. यात्रियों से अनुरोध है कि अपडेटेड फ्लाइट इनफॉर्मेशन के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें. इसके अलावा, तेज आंधी की वजह से धौलाकुँआ इलाके में पेड़ भी सड़क पर गिर गए हैं.