ussia Ukraine War: अमेरिकी सांसद लिंडसे ग्राहम की अपील- राष्ट्रपति पुतिन की हत्या कर दी जाए

अमेरिका के सांसद लिंडसे ग्राहम (US Senator Lindsey Graham) ने कहा है कि किसी को रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हत्या कर देनी चाहिए. उनके मुताबिक इसके बाद ही ये जंग थम सकता है. उन्होंने ये बातें फॉक्स न्यूज़ चैनल के एक लाइव कार्यक्रम में कही. दक्षिण कैरोलिना के रिपब्लिकन सांसद लिंडसे ने ये भी कहा कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का पुतिन को जीनियस कहना एक बड़ी गलती थी. बता दें कि रूस और यूक्रेन (Russia Ukraine War) के बीच पिछले एक हफ्ते से जंग चल रही है. पुतिन के इस कदम के बाद रूस पर अमेरिका सहित कई पश्चिम के देशों ने पाबंदियां लगी दी है.

लिंडसे ग्राहम ने कहा, ‘रूस में किसी के लिए इस आदमी को बाहर निकालने का एकमात्र तरीका है इसकी हत्या करना. अगर ऐसा किया तो फिर ये देश और दुनिया के लिए एक महान सेवा होगी. केवल रूस के लोग ही ये काम कर सकते हैं. कहना आसान है करना मुश्किल.’

बता दें कि बाइडन प्रशासन ने बृहस्पतिवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी कुछ लोगों पर नए प्रतिबंधों की घोषणा की है. नई पाबंदियों के तहत पुतिन के प्रेस सचिव दमित्री पेसकोव और रूस के बड़े उद्योगपति अलीशेर बुरहानोविच के साथ ही पुतिन के एक और करीबी पर निशाना साधा गया है. अमेरिका के विदेश विभाग ने यह घोषणा भी की कि वह 19 रूसी कारोबारियों और उनके परिजनों तथा संबंधियों पर वीजा पाबंदी लगा रहा है

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और उसके सहयोगी देशों ने यूक्रेन पर हमला करने के लिए रूस के खिलाफ वैश्विक अर्थव्यवस्था को हथियार बनाया है और इसके नतीजन बहुत तेजी से उसकी अर्थव्यवस्था की कमर टूट रही है. इन प्रतिबंधों ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को आसमान छूती महंगाई के खिलाफ रक्षात्मक रवैया अपनाने पर विवश कर दिया है. रूस के केंद्रीय बैंक ने अपने पास उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल कर रूबल को तेजी से गिरने से रोकने की कोशिश की.