दृष्टिहीन पिता की बेटी अफोर्ड नहीं कर पाती थी ऑनलाइन क्लास, स्कूल पहुंची तो आंखों में उतर आया समंदर

दिल्ली सहित कई राज्यों में फिर से स्कूल खुल गए (School College Reopen) हैं. अगर बात करें दिल्ली की तो यहां सोमवार से कक्षा 9वीं-12वीं के लिए स्कूलों के साथ-साथ कॉलेज और कोचिंग सेंटर फिर से खुल गए हैं. लंबे समय के बाद स्कूल पहुंचकर कई छात्र-छात्राएं भावुक दिखाई दिए. दिल्ली की रहने वाली नेहा नाम की छात्रा जब स्कूल पहुंची तो वह अपने आंसुओं को रोक नहीं पाई.

नेहा ने CNN News 18 के संवाददाता को बताया कि ओमिक्रॉन की वजह से उसकी फैमिली को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा. नेहा ने कहा, ‘वह ऑनलाइन क्लास तो करती थी, मगर उसे प्रॉब्लम होती थी. उसके पिता थोड़े दृष्टिहीन हैं, इस कारण वह ऑनलाइन क्लास अफोर्ड नहीं कर पाती थी. अब ऑफलाइन क्लास में ऐसा नहीं होगा.’ अपनी बात को कहते-कहते नेहा बेहद भावुक हो जाती हैं, और अपने आंसुओं को रोक नहीं पाती है.

बच्चे बेहद खुश हैं

नेहा अब स्कूल पहुंचकर बेहद खूश है. उसने अपना वैक्सीनेशन भी करवा लिया है. सिर्फ नेहा ही नहीं, बल्कि अन्य बच्चे भी ऑफलाइन क्लास को बेहद मिस कर रहे थे. लंबे समय के बाद स्कूल खुलने के बाद अब सभी अपने दोस्तों से मिल सकेंगे. छात्रों के साथ ही शिक्षक भी स्कूल खुलने से बेहद उत्साहित हैं. अब सभी यही दुआ कर रहे हैं कि इस तरह से कभी स्कूल बंद न हो.

नियमों का करना होगा पालन

इसके अलावा, दिल्ली के कॉलेज और कोचिंग संस्थान भी सोमवार से फिर से खुल गए. इस दौरान ऑनलाइन कक्षाएं भी जारी रहेंगी. विद्यार्थी अपनी इच्छा से किसी भी माध्यम का चयन कर सकते हैं. सभी छात्रों को मास्क पहनकर ही स्कूल आना होगा. साथ ही स्कूल परिसर में सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करना होगा. नर्सरी से कक्षा 8 तक की कक्षाएं 14 फरवरी, 2022 से फिर से शुरू होंगी. इस बीच, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने भी सोमवार को एक स्कूल का दौरा किया.