गोरखपुर में CM योगी ने भरा पर्चा, गृह मंत्री शाह बोले- UP में फिर 300 के पार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर सदर सीट से चुनाव लड़ने के लिए पर्चा दाखिल किया। पांच बार से सांसद योगी पहली बार गोरखपुर में शहर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर 33 सालों से भाजपा का कब्जा है। योगी के नामांकन में खुद गृहमंत्री अमित शाह और उप्र चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान मौजूद रहे। यह पहली बार है जब शाह किसी के नामांकन में शामिल हुए। नामांकन के बाद अमित शाह गोरक्षनाथ मठ पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इस मेगा शो के जरिए भाजपा ने पूर्वांचल में बड़ा मैसेज देने की कोशिश की है। गृहमंत्री ने कहा कि उप्र की जनता भाजपा के साथ है और इस बार फिर 300 सीट जीतेंगे।

इससे पहले महाराण प्रताप कॉलेज में आयोजित जनसभा में अमित शाह ने कहा कि योगी के शासन में माफिया जेल में हैं। अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी, आजम खान जेल में ही रहेंगे। आज हम योगी का पर्चा भरवाने आए है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। उनको तो लगता है कि कोरोना के कारण सभाएं सीमित हो गई है लोगों के बीच जाना नहीं पड़ रहा है। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि भैया जो प्रचार करना है कर लो उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है, भाजपा को फिर से 300 के पार सीटें मिलने वाली है।