विधानसभा चुनाव: पंजाब में पूर्व सेना प्रमुख जेजे सिंह भाजपा में शामिल, UP में अपर्णा यादव भी तैयार
चंडीगढ़. पूर्व सेना प्रमुख जनरल जे जे सिंह (Gen Joginder Jaswant Singh) मंगलवार को भाजपा (BJP) में शामिल हो गए. उन्होंने चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित अन्य भाजपा नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. शेखावत ने भाजपा की पंजाब इकाई के प्रमुख अश्वनी शर्मा के साथ मिलकर जनरल सिंह का पार्टी में स्वागत किया. पूर्व सेना प्रमुख ने साल 2018 में शिरोमणि अकाली दल (SAD) का दामन छोड़ दिया था.
जनरल सिंह 2017 में अकाली दल में शामिल हुए थे. उन्होंने पटियाला से कांग्रेस प्रत्याशी कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ा था. इस दौरान उन्हें अमरिंदर के हाथों हार का सामना करना पड़ा था. जे जे सिंह अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं. वह साल 2005 में सेना प्रमुख नियुक्त होने वाले पहले सिख बने थे.
वहीं, अकाली दल के विधायक शरणजीत ढिल्लों के भाई अजमेर सिंह और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के पूर्व डीजीपी एस एस संधू ने भी मंगलवार को भाजपा का दामन थाम लिया. पंजाब की 117 विधानसभा सीट पर 20 फरवरी को मतदान होना है. मतों की गिनती दस मार्च को की जाएगी.
यूपी में भी बड़े बदलाव के आसार
समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेता मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो सकती हैं. भाजपा नेताओं ने हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है लेकिन सूत्रों ने दावा किया है कि वह बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के अन्य नेताओं की मौजूदगी में भाजपा का दामन थाम सकती हैं.
उल्लेखनीय है कि अपर्णा यादव 2017 के विधानसभा चुनाव में लखनऊ कैंट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं. हालांकि उन्हें भाजपा नेता रीता बहुगुणा जोशी के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था. पिछले कुछ दिनों से अपर्णा के भाजपा में शामिल होने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं. वह कई मौकों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ की तारीफ कर चुकी हैं. अपर्णा यादव मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं.