सऊदी अरब एयरपोर्ट पर ड्रोन अटैक, 8 घायल, प्लेन भी क्षतिग्रस्त
सऊदी अरब. सऊदी अरब स्थित एक एयरपोर्ट पर ड्रोन अटैक हुआ जिसमें 8 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए वहीं एक यात्री विमान को भी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ जारी जंग के दौरान अब सऊदी अरब के एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया है। यमन में हूती विद्रोही और सऊदी अरब की सेना के बीच युद्ध चल रहा है।
वहीं जानकारी मिली है कि यमन में हूती विद्रोही ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। बीते 24 घंटे में यह दूसरी बार है जब इस तरह का हमला किया गया हो, हालांकि जब पहली बार एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया था तब किसी भी विद्रोही ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली थी। बता दें कि यमन में ईरान समर्थित शिया विद्रोहियों से लड़ने वाले सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने हमले के बारे में विस्तार से नहीं बताया है। न ही हताहतों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी दी है। सेना ने बस इतना बताया कि सुरक्षाबलों ने विस्फोटक ड्रोन को रोक दिया था।
हूती विद्रोहियों से जंग लड़ रहा है सऊदी
2015 से, सऊदी के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन से जूझ रहे यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के भीतर सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया है। विद्रोहियों के निशाने पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स भी हैं। वहीं वे राज्य के महत्वपूर्ण तेल प्लांट्स पर भी निशाना बनाकर हमला कर रहे हैं।