New York Fire: न्यूयॉर्क के अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, 9 बच्चे सहित 19 लोगों की मौत
न्यूयॉर्क. अमेरिका के न्यूयॉर्क (New York Fire)से बुरी खबर है. ब्रोन्क्स के एक रिहायशी अपार्टमेंट में रविवार को भीषण आग लग गई. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे में कम से कम 19 लोगों की मौत हुई है. मृतकों में 9 बच्चे भी शामिल हैं. घटनास्थल पर पहुंची फायर ब्रिगेड (Fire Brigade) की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है. आग किस वजह से लगी, इसकी जांच जारी है. इस घटना को न्यूयॉर्क के अब तक के सबसे बड़े हादसों में से एक माना जा रहा है.
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, घटनास्थल पर पहुंचे मेयर एरिक एडम्स ने कहा कि न्यूयॉर्क शहर के लिए यह बहुत ही भयानक और दुख पहुंचाने वाला क्षण है. आग की यह घटना इस शहर को परेशान करती रहेगी. उन्होंने कहा कि आग से बड़ी संख्या में लोग झुलसे हैं. 32 लोग गंभीर हालत में हैं जिनका इलाज चल रहा है.
आग की यह घटना ब्रोंक्स जू के पश्चिम में स्थित एक 19 मंजिला इमारत में लगी. आग दिन के करीब 11 बजे अपॉर्टमेंट के दूसरी और तीसरी मंजिल से फैलनी शुरू हुई. मेयर ने कहा कि इस अग्निकांड को न्यूयॉर्क के सबसे बुरे हादसों में गिना जाएगा. यह देश की सबसे बुरी घटनाओं में से एक है. आग पर काबू पाने के लिए घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की 200 गाड़ियां पहुंची.
इमारत में फंसे लोग मदद के लिए हाथ हिलाते रहे
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग से घिरे लोग मदद के लिए अपने फ्लोर से हाथ हिलाते रहे. वे आग की लपटों से बुरी तरह से घिर गए थे. एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक इमारत के पास रहने वाले जॉर्ज किंग ने कहा कि वहां लोग बदहवास थे. उन्होंने कहा, ‘मैं यहां 15 सालों से हैं और इस तरह की घटना मैंने पहली बार देखी है. मैंने इमारत से धुंआ निकलते देखा. बड़ी संख्या में लोग मदद मांग रहे थे. लोग खिड़कियों से हाथ हिला रहे थे.’