UP विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में अंतर्कलह, ओंकार नाथ सिंह ने दिया सभी पदों से इस्तीफा
लखनऊ. उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में होने वाले विधानसभा चुनाव (Assembly Election) से पहले कांग्रेस (Congress) में अंतर्कलह सामने आ गई है. चुनाव आयोग के साथ राजनीतिक दलों की बैठक को लेकर मीडिया और संचार विभाग के सदस्य ओंकार नाथ ने यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी को पत्र लिखकर सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने लिखा है कि चुनाव आयुक्त की बैठक में वीरेंद्र मदान और अनस को अधिकृत किया गया था और इसके बाद जब चुनाव आयोग से फोन आया तो वह वहां गए. वहां जाने से पहले उन्होंने वरिष्ठ नेता सतीश अजमानी और प्रदेश अध्यक्ष के साथ पार्टी के रुख पर भी चर्चा की थी.
प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा को पत्र लिखकर कहा है कि मंगलवार को उनसे मिले कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को पार्टी ने अधिकृत नहीं किया था. लिहाजा पार्टी का अधिकृत प्रतिनिधिमंडल को भेजा जाएगा. वहीं मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में जाकर ओंकार नाथ सिंह, वीरेंद्र मदान और अनस खान ने पार्टी का पक्ष रखा था. लेकिन पार्टी ने इस प्रतिनिधि मंडल को अनाधिकृत घोषित कर दिया था और इसके लिए नया प्रतिनिधिमंडल बनाया गया. जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी, अनुराधा मिश्रा और नसीमुद्दीन सिद्दीकी को शामिल किया गया था.
वहीं प्रदेश मीडिया एवं कम्युनिकेशन विभाग के सदस्य ओंकार नाथ सिंह ने प्रियंका गांधी को भेजे इस्तीफे में लिखा कि पार्टी की ओर से ही उन्हें आयोग की बैठकों में भागीदारी करने के लिए मौखिक निर्देश मिला था. उनकी प्रदेश सरकार से कोई निजी दुश्मनी नहीं है और न ही अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह से कोई नाराजगी है. उन्होंने इनसे संबंधित मांग पार्टी हित में ही रखी थीं. साथ ही आरोप लगाया कि उनकी वरिष्ठता को किनारे करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने उनकी छवि धूमिल की है.