पुलवामा में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, एक आतंकी ढेर

जम्मू कश्मीर. पुलवामा जिले के राजपुरा इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। मुठभेड़ राजपुरा इलाके के उसगाम पथरी में हो रही है जिसमें एक आतंकी ढेर हो गया है। आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी है। इस बात की जानकारी कश्मीर जोन पुलिस ने दी है। इस मामले में अभी अधिक जानकारी आने का इंतजार किया जा रहा है।

एक दिन पहले ही जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस ने पुंछ के बहरामगला इलाके में हथियारबंद आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचनाएं मिलने के बाद एक तलाश अभियान चलाया। मंगलवार तड़के अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा कर्मियों पर गोलियां चलाकर भागने की कोशिश की। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की जिससे मुठभेड़ शुरू हो गई जिसमें एक आतंकवादी मारा गया।