महिला लुटेरी ने इवेंट मैनेजर की चेन लूटी, विरोध करने पर युवक ने कट्टे के बट से किया प्रहार

ग्वालियर. गुरूवार की रात 11 बजे शहर की एक इवेंट मैनेजर महिला से दो पहिया वाहन पर सवार एक महिला लुटेरी ने झपट्टा मार कर चैन खींच ली। जब इवेंट मैनेजर ने चेन पकड़ ली तो लुटेरों ने रूककर कट्टे से बट से उसे पीट-पीट कर घायल कर दिया। इसके बाद चेन लूट कर भाग गये। गाड़ी पर 2 लोग सवार थे। इनमें से झपट्टा मारने वाली एक महिला थी। यह पहला मौका है जब चम्बल में महिला चेन स्नेचर की उपस्थिति सामने आयी है। यह बात पुलिस को भी परेशान कर रही है। घटना गोला का मंदिर में मेला गेट संस्कृति गार्डन के पास की है। इवेंट मैनेजर ने रात को ही पुलिस को मामले की सूचना दी थी। पुलिस ने लूट की एफआईआर दर्ज कर ली है।

क्या है पूरा घटनाक्रम

गोला का मंदिर थाना पिंटो पार्क गणेश कॉलोनी निवासी प्राची (28) पुत्री फेरन सिंह परमार बतौर इवेंट मैनेजमेंट एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करती हैं। गुरुवार की रात करीब 11.30 बजे प्राची एक इवेंट को कराने के बाद सनबैली क्लब हाउस से वापस अपने घर के लिए लौट रही थी। वह अपनी एक्टिवा नंबर MP07 SN-7124से जब वह मेला गेट संस्कृति गार्डन के पास पहुंची तभी पीछे से एक अन्य दोपहिया वाहन पर सवार होकर आए युवक.युवती ने उसे पहले ओवरटेक किया। दोपहिया वाहन कोई युवक चला रहा थाए लेकिन पीछे हरे रंग का दुपट्टा बांधकर लुटेरी बैठी थी। उसने पास आते ही प्राची के गले पर झपट्टा मारकर चेन खींच लीए लेकिन प्राची ने उसका हाथ पकड़ लिया। इस पर लुटेरी ने उसे झट्का दिया। उसके साथ में जो युवक था उसने गाड़ी से उतरकर प्राची की कनपटी पर कट्टा अड़ा दिया। वह कुछ समझ पाती उससे पहले ही युवती ने उसमें चांटे मारे। बदमाश ने कट्टे के बट से सिर पर कई बार किए। जिससे इवेंट मैनेजर घायल हो गई। लुटेरों के भागने के बाद घायल प्राची ने पुलिस को कॉल किया। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर लिया है।

सीसीटीवी फुटेज में लुटेरों की तलाश

घटना का पता चलते ही पुलिस ने महिला चेन स्नेचर की तलाश के लिये शहरभर में नाकाबंदी करा दी और साथ ही मेला गेट के आगे चौराहा पर लगे सीसीटीवी कैमरे तलाशे। पुलिस को आशंका है कि कहीं न कहीं घटना को अंजाम देने वाले दिखेंगे। क्योंकि लूट करने वाली युवती ने इवेंट मैनेजर को ओवरटेक करते वक्त कहां था। ज्यादा स्टाइल आ रही है, इसके बाद वह इंद्रमणि नगर की ओर भाग गये। पुलिस उस रूट पर भी लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज तलाश रही है।

यह है लुटेरों का हुलिया

इवेंट मैनेजर प्राची ने पुलिस को बताया कि लूट करने वाले बदमाश की आयु लगभग 25 से 30 वर्ष के लगभग होगी। उसने हेलमेट पहन रखा था। इसके अलावा उसके साथ जो लुटेरी थी उसकी आयु भी 25 वर्ष के आसपास रही होगी। हरे रंग के दुपट्टे से उसने अपना मुंह ढका हुआ था। दोनों सामने आयेंगे तो पहचान लूंगी।

पुलिस का कहना है कि

एएसपी राजेश दंडौतिया ने बताया कि युवती की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है कि वारदात में शामिल महिला व युवक की तलाश की जा रही है औरे जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जायेगा।