राजमाता जन्मशताब्दी वर्षः महिला मैराथन को सीएम ने हरी झण्डी दिखा किया रवाना
ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया जन्मशताब्दी वर्ष समारोह की शुरुआत आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजमाता की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर महिला मैराथन में को हरी झंडी दिखाई। मैराथन महिला सशक्तिकरण के लिए ग्वालियर से दिल्ली तक निकाली गई है। इसके बाद वे मेला परिसर स्थित मंगल वाटिका में आयोजित कमल शक्ति सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे। कार्यक्रम में खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह, कैबीनेट मंत्री माया सिंह, सहित तमाम भाजपा नेता उपस्थित थे।
ग्वालियर से शुरू हुई 375 किलोमीटर की यह मैराथन मुरैना, धौलपुर, आगरा, मथुरा, वृंदावन, पलवल और फरीदाबाद से होती हुई दिल्ली पहुंचेगी। मैराथन का समापन 16 अक्टूबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होगा। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मौजूद रहेंगे। मैराथन में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी 100 महिलाएं शामिल होंगीं। रिले रेस में प्रतिदिन महिलाओं की 4 टीमें 80 किमी दौड़ेंगी। मैराथन का स्वागत राजस्थान में सीएम वसुंधरा राजे, यूपी में सीएम योगी आदित्यनाथ, हरियाणा में सीएम मनोहर लाल खट्टर करेंगे।