Delhi News: दिल्ली पुलिस ने सुसाइड करने जा रहे शख्स को बचाया, आयरलैंड के फेसबुक ऑफिस से आया था कॉल
नई दिल्ली. देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की पुलिस (Delhi Police) की मुस्तैदी की वजह से शुक्रवार को एक शख्स की जान बच गई. दरअसल आयरलैंड के फेसबुक ऑफिस (Ireland Facebook Office) से दिल्ली साइबर सेल को कॉल आया कि एक शख्स सिग्नेचर ब्रिज के पास सुसाइड करने जा रहा था. इसके बाद बाद पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए शख्स को बचा लिया. दिल्ली पुलिस ने ये काम ‘वर्ल्ड सुसाइड प्रिवेंशन डे’ के दिन किया. इस वजह से जमकर तारीफ हो रही है. पुलिस के मुताबिक, युवक एक लड़की से रिश्ता खत्म होने की वजह से परेशान चल रहा था.
इस बारे में दिल्ली पुलिस साइबर सेल के डीसीपी अनयेश राय ने कहा कि साइबर सेल को आयरलैंड के फेसबुक ऑफिस से अचानक फोन आया कि एक शख्स सुसाइड करने जा रहा है. इस कॉल को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल ने शख्स के फोन नंबर की डिटेल और लोकेशन निकाली जोकि सिग्नेचर ब्रिज बता रही थी. इसके बाद तीन थानों की पुलिस को अलर्ट किया गया.
तीन थानों के फोर्स को किया गया अलर्ट
आयरलैंड फेसबुक ऑफिस से कॉल आने के बाद दिल्ली पुलिस ने आनन-फानन में नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के तीन थानों (दयालपुर, तिमारपुर और सीलमपुर) के एसएचओ को अलर्ट किया. इसके बाद पुलिस स्टाफ सिग्नेचर ब्रिज की तरफ गया और जल्द ही पुलिस टीम ने सूरज (बदला हुआ नाम) को सिग्नेचर ब्रिज से महज 500 मीटर की दूरी पर खजूरी खास इलाके में ट्रेस किया और पुलिस टीम ने उसे सुसाइड करने से रोक लिया. इसके बाद उसकी एक्स्पर्टस से काउंसलिंग भी करवाई गई और घर वालों को सौंप दिया गया.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, युवक की उम्र 27 साल है और वह बीएससी करने के बाद एक निजी कॉलेज से एमबीए की पढ़ाई कर रहा था, लेकिन उसने अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ दी. जबकि वह हाल में एक लड़की के साथ रिलेशनशिप में था और उससे संबंध खत्म होने की वजह से परेशान चल रहा था.