हिमाचल: घर के पीछे जंगल में मिला 1 माह से लापता ज्योति का शव, पति गिरफ्तार

जोगिंद्रनगर (मंडी). 23 साल की ज्योति के मिलने की उम्मीद अब बुझ गई है. लापता होने से ठीक एक महीने के बाद ज्योति का गला सड़ा शव उसके घर के पीछे वाले जंगल से ही बरामद हुआ है. मामला हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल का है.

जानकारी के अनुसार, जोगिंद्रनगर उपमंडल के हराबाग क्षेत्र के नकेहड़ गांव की 23 वर्षीय ज्योति बीते 8 अगस्त से लापता थी. इस बात को लेकर जोगिंद्रनगर थाना में प्राथमिकी भी दर्ज थी और ज्योति के मायके वालों ने ससुराल वालों पर प्रताडि़त करने के आरोप भी लगाए थे.

जिस दिन ज्योति लापता हुई, उस दिन भी पति-पत्नी में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. पुलिस ने लापता ज्योति को हर जगह तलाशने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. ना तो ज्योति का कोई फोन नंबर चल रहा था और न ही किसी ने उसे कहीं आते-जाते देखा था. ज्योति के साथ उसका कुत्ता भी चला गया था, जो पांच दिन बाद घर लौट आया था.