ट्रिपल मर्डर- रात 1.15 बजे सड़क पर दिखाई दिये संदेहियों की तलाश जारी, उधारी और संपत्ति से जुड़े लोगों से भी की जारी पूछताछ

ग्वालियर. मुरार के तिकोनिया स्थित पुराने बाजार में तिहरे हत्याकाण्ड मेें संपत्ति व ब्याज के व्यापार को फोकस कर आगे बढ़ रही पुलिस को एक सीसीटीवी कैमरे में रात 1.15 बजे तक 2 युवक सड़क खड़े दिखाई दिये। पुलिस इन्हें तलाश कर रही है। मृतक की संपत्ति व ब्याज के व्यापार से जुड़े लगभग डेढ़ दर्जन लोगों से थाने में बुलाकर पूछताछ की जा रही है। एसपी ने सुबह डेढ घंटे थाने पहुंचकर पड़ताल में लगे अमले को नये टॉस्क दिये। थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने सुबह से शाम तक 3 बार पड़ताल करते हुए 2 सीसीटीवी कैमरों में मिले 2 एवं 3 संदेही युवकों के फुटेज की शिनाख्त कर तलाश कर रहे हैं।

एसपी और एएसपी सहित टीआई डेढ़ घंटे तक की समीक्षा

एसपी अमित सांघी ने एएसपी राजेश दण्डोतिया के साथ मुरार थाने में सुबह डेढ़ घंटे तक तिहरे हत्याकांड के मामले की समीक्षा की। टीआई मुरार शैलेन्द्र भार्गव ने घटनास्थल के आसपास थाने की टीमों के साथ शाम तक सीसीटीवी कैमरों व संदेहियों को सूचीबद्ध कर उन्हें बुलाकर पूछताछ करते रहें। सायबर की टीम शनिवार-रविवार की दरमियानी रात 11 से 3 बजे तक घटनास्थल के आसपास एक्टिव मोबाइल नम्बरों के साथ ही मृतक के मोबाइल नम्बर की डिटेल पड़ताल और घटना के बाद लोकेशन तलाश कर रहे हैं क्योंकि घटनास्थल पर मृतक का मोबाइल नहीं मिला है। मासूम समेत पूरे परिवार को जिस तरह मौत के घाटर उतारा गया उससे यह स्पष्ट है कि हत्यारे मृतक से नफरत करते थे। मृतक एवं उसके परिवार के खाने में जहरीला पदार्थ मिलाने की पुष्टि के लिये मृतक के बिसरा की भी जांच करायी जा रही है।

पति की मौत के बाद जगदीश के साथ रहने लगी थी सरोज

पड़ताल में सामने आया है कि जगदीश की शादी नहीं हुई थी और सरोज के पति की मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद सरोज, जगदीश के साथ रहने लगी थी। जगदीश व सरोज के कोई बच्चा नहीं था इस पर सरोज ने अपने भाई की बेटी को गोद ले लिया।