पंचकूला में दर्दनाक हादसा, दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, पिता समेत 2 मासूमों की मौत

पंचकूला. हरियाणा के पंचकूला जिले के बरवाला में एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. सड़क हादसे (Road accident) में पिता समेत दो मासूमों की भी मौत (Death) हो गई. ये हादसा दो मोटर साइकिलों की आमने सामने की टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार पिता और उसके साथ सवार उसके दो बच्चों ने भी दम तोड़ दिया. हादसा बरवाला-डेराबस्सी मार्ग पर स्थित एयरफोर्स स्टेशन से कुछ दूरी पर हुआ. वहीं इस हादसे में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

मरने वालों की पहचान सुनील कुमार, बेटी रिशु (3), बेटा नवनीत उर्फ मोदी (6) निवासी मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है. वर्तमान में वह परिवार के साथ डेराबस्सी में रहता था और भट्टे पर काम करता था. बरवाला चौकी पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने मृतक सुनील कुमार के भाई बंटी का बयान दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है. घायलों में सुनील की पत्नी नीरज और अशोक निवासी मोरनी हैं.

मृतक सुनील के भाई ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका भाई सुनील पत्नी नीरज, बेटी रिशु, बेटे नवनीत और आयुष के साथ इलाज करवाने बाइक से पंचकूला जा रहा था. जब वह बरवाला के एरिया के पास पहुंचा तो बाइक चालक अशोक कुमार ने टक्कर मार दी. आरोप है कि अशोक शराब के नशे में था और गलत दिशा में बाइक लेकर आ रहा था. हादसा इतना जबरदस्त था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल पहुंचने से पहले बीच रास्ते में दम तोड़ दिया. वहीं, उसकी भाभी नीरज और आरोपी बाइक चालक अशोक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए.