मैसूर रेप केस: कर्नाटक के गृह मंत्री ने पीड़िता को ही बताया गलत, कहा- उसे ऐसी जगह जाना ही नहीं चाहिए था

बेंगलुरु. कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार और पुलिस विभाग ने मैसूर में हुई सामूहिक बलात्कार की घटना को गंभीरता से लिया है और अपराधियों को पकड़ने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. गृहमंत्री ने कहा, रेप हो चुका है. ये कांग्रेसी लोग मेरा रेप करने की कोशिश कर रहे हैं. ये गृह मंत्री का रेप करने की कोशिश कर रहे हैं. उसे वहां नहीं जाना चाहिए था. सुनसान जगह है. अरागा ज्ञानेंद्र ने कहा, “बलात्कार मैसूर में हुआ लेकिन कांग्रेस घटना से राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है. यह एक अमानवीय घटना थी. लड़की और उसका दोस्त वहां सुनसान जगह गए होंगे, उन्हें वहां नहीं जाना चाहिए था.”

ज्ञानेंद्र ने कहा, ‘‘यह घटना (मंगलवार को) रात करीब साढ़े सात बजे से आठ बजे के बीच हुई और पीड़िता अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका ठीक से उपचार किया जा रहा है. (बुधवार को) दोपहर 12 बजे प्राथमिकी दर्ज की गई. (पीड़िता) सदमे मे हैं, इसलिए हम उसका बयान पूरी तरह दर्ज नहीं कर पाए हैं, लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और (अपराधियों को) पकड़ने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है.’’

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘हमने अपने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एडीजीपी (अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक) प्रताप रेड्डी को बेंगलुरु से भेजा है और मैसूरु पुलिस आयुक्त एवं वरिष्ठ अधिकारियों से अलग-अलग टीम गठित करके जांच करने, अपराधियों को पकड़ने और उन्हें न्याय के दायरे में लाने के लिए कहा गया है.’ मंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘अभी तक किसी की गिरफ्तारी की कोई सूचना नहीं मिली है और गिरफ्तारी होने पर इसकी जानकारी दी जाएगी.’

मैसूर में चामुंडी हिल के निकट पांच लोगों ने एक कॉलेज छात्रा से मंगलवार को कथित रूप से बलात्कार किया और यह मामला बुधवार को सामने आया. आरोपियों ने लड़की के पुरुष मित्र पर भी हमला किया. पीड़िता और उसके मित्र का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है. मंत्री ने कहा कि मैसूर एक पर्यटन स्थल है, जहां हजारों लोग आते हैं. उन्होंने कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और इसने हमारा सिर शर्म से झुका दिया है. उन्होंने पुलिस की गश्त के अभाव के कारण इस प्रकार की घटना होने की संभावना को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि वह आज मैसूर जा रहे हैं और वह शुक्रवार को वहां अधिकारियों के साथ कई बैठकें करेंगे और यदि कमियां हैं, तो उन्हें दूर करने की कोशिश करेंगे.

ज्ञानेंद्र ने कांग्रेस द्वारा राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चरमरा जाने को लेकर लगाए गए आरोपों के संबंध में पूछे गए प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वे इस प्रकार की घटना पर राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘यह ऐसी घटना नहीं है, जिस पर राजनीति की जाए. हमें मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि इस प्रकार की घटना पुन: न होने पाए. क्या कांग्रेस के शासन में सब कुछ बहुत अच्छा था?’

पीड़िता के स्वास्थ्य के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि प्राप्त हुई सूचना के अनुसार, पीड़िता की हालत ठीक है, लेकिन वह सदमे में है. उन्होंने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा, ‘पुलिस चौकन्नी है. हमने इस घटना को गंभीरता से लिया है… उसके (पीड़िता के) माता-पिता आ गए हैं. मेरी जानकारी के अनुसार, वह महाराष्ट्र से है. उसके बारे में इससे अधिक जानकारी साझा करना उचित नहीं है.’