Landslide: लाहौल में टूटा पहाड़, खुल रहा है चंद्रभागा नदी का प्रवाह, सीएम ने दिए ये निर्देश
लाहौल स्पीति. मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने जिला लाहौल-स्पीति के नालड़ा गांव में भूस्खलन के कारण चन्द्रभागा नदी का प्रवाह अवरूद्ध होने की घटना पर चिन्ता व्यक्त की. मुख्यमंत्री ने कहा कि भूस्खलन की घटना की जानकारी जैसे ही मिली उसके बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए जनजातीय विकास मंत्री डाॅ. रामलाल मारकण्डा के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय टीम घटना स्थल पर भेजी गई है.
जय राम ठाकुर ने कहा कि अब नदी का प्रवाह खुल रहा है. उन्होंने स्थानीय लोगों से नदी के किनारे तथा भूस्खलन सम्भावित क्षेत्रों के निकट नहीं जाने का आग्रह किया है. उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि इस घटना के कारण जान-माल का नुकसान न हो.
हिमाचल प्रदेश के लाहौल में हुए भूस्खलन का जायजा लेने के लिए मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, डीजीपी संजय कुंडू, तकनीकी शिक्षा मंत्री रामलाल मारकंडा पहुंच गए हैं. मुख्य सचिव राम सुभग सिंह ने हेलीकॉप्टर से भूस्खलन साइट का हवाई निरीक्षण किया. इसके बाद वे बारिंग हेलीपैड पर उतरे. मौके पर ही उन्होंने डीसी और एसपी लाहौल को निर्देश दिए.
मुख्य सचिव राम सुभग सिंह ने कहा कि नदी के किनारे पर बसे गांवों को खाली करवाकर लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के निर्देश दे दिए गए हैं. वहीं एनडीआरएफ की टीम भी हेलीकॉप्टर से दिल्ली से लाहौल पहुंच रही है.