कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को लेकर सावन मेले पर प्रतिबंध, अयोध्या में एंट्री बैन

अयोध्या. कोरोना की तीसरी लहर के संभावना के चलते अयोध्या (Ayodhya) के प्रसिद्ध सावन मेले (Sawan Mela) पर प्रतिबंध (Ban) लगा दिया गया है. आज से अयोध्या के प्राचीन मणि पर्वत पर झूलनोत्सव शुरू होता है लेकिन कोरोना की तीसरी लहर की संभावना के चलते बाहर के श्रद्धालुओं के आने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. बाकी जो स्थानीय श्रद्धालु है वह मंदिरों में दर्शन पूजन करते रहेंगे.

अयोध्या के मंदिरों से मणि पर्वत पर जाने वाले विग्रह जुलूस को भी स्थगित कर दिया गया है. जिला प्रशासन के साथ-साथ अयोध्या के संतों महंतों ने भी लोगों से अपील की है कि भगवान राम के प्रति अपने घरों से ही आस्था निवेदित करें. अयोध्या ना आएं. सावन मेले पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है. अगर कोई बाहरी श्रद्धालु आता है तो 3 दिन की RT-PCR रिपोर्ट जिला प्रशासन को दिखानी होगी.

जिला प्रशासन ने बाहरी श्रद्धालु अयोध्या न पहुंचें, इसके लिए अयोध्या के सभी एंट्री प्वाइंट को सील कर दिया है. सभी जगहों पर बैरिकेडिंग लगाकर श्रद्धालुओं को रोका जा रहा है. जिला प्रशासन ने सामूहिक रूप से सरयू स्नान पर भी प्रतिबंध लगाया है ताकि कोरोना के संक्रमण पहले से रोका जा सके.

डीएम अनुज झा ने बताया कि बाहरी श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या में प्रतिबंध लगाया गया है लेकिन जो स्थानीय श्रद्धालु हैं, वह आम दिनों की तरह मंदिरों में दर्शन पूजन कर सकते हैं. दरअसल सावन मेले के दौरान प्राचीन मणि पर्वत पर अयोध्या के सभी मंदिरों से भगवान के विग्रह को लेकर जुलूस के रूप में मणि पर्वत पर पहुंचते थे, जहां पर सभी भगवान के विग्रह झूला झूलते थे. वहां पर दुकानें लगती थीं और लाखों की भीड़ होती थी.

लेकिन इस बार मणि पर्वत एरिया को सील कर दिया गया है जहां पर स्थानीय इक्का-दुक्का श्रद्धालु ही नजर आ रहे हैं. फिलहाल पूरी अयोध्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि बाहरी श्रद्धालु अयोध्या ना आ सकें.