ग्वालियर में डॉक्टर से लूट , डॉ. की टेबल पर रख दी पिस्टल और हाथ जोड़कर रुपए मांगे , 1 हजार रुपए दिए तो मारपीट कर 15 हजार लूट ले गए
ग्वालियर में डॉक्टर के केबिन में घुसे दो बदमाशों ने टेबल पर पहले पिस्टल रखा और हाथ जोड़कर रुपए मांगे। कहा- जो है सब दे दो। घबराए डॉक्टर ने एक हजार रुपए निकाल कर दिए। इस पर उन्होंने और रुपए मांगे। डॉक्टर ने मना किया तो पीटकर 15 हजार रुपए लूट लिए। दोनों में से एक बदमाश दो महीने के लिए डॉक्टर के मेडिकल स्टोर पर काम भी कर चुका है। घटना सोमवार रात 11.30 बजे की है। शिकायत के बाद पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। उधर, लूट की इस वारदात से शहर के डॉक्टर्स नाराज हैं।
ग्वालियर की नई सड़क स्थित ममता हॉस्पिटल में घुसकर दो हथियारबंद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश पिस्टल लेकर आए थे। केबिन में पहुंचकर पहले तो पिस्टल टेबल पर रखकर बदमाशों ने हॉस्पिटल संचालक व डॉक्टर गोपीचंद शिवहरे से पैसा मांगा। जब डॉक्टर ने इनकार किया तो सीने पर पिस्टल अड़ा दी, मारपीट की और गल्ले में रखे रुपए लूट ले गए। गल्ले में करीब 15 हजार रुपए रखे थे। वारदात के बाद बदमाश भाग गए।
घटना की जानकारी डॉक्टर ने तत्काल पुलिस और अपने एसोसिएशन को दी। पुलिस ने तत्काल हॉस्पिटल के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर एक बदमाश को पकड़ लिया है। पकड़े गए बदमाश की पहचान आनंद राठौर के रूप में हुई है। वह कुछ दिन पहले ही जेल से छूटा है। वहीं, घटना के बाद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के ग्वालियर इकाई के अध्यक्ष डॉ.प्रदीप सिंह राठौर अन्य डॉक्टरों के साथ जनकगंज थाना पहुंच गए।
डॉक्टर्स और पुलिस अफसर के बीच बहस
डॉक्टरों ने पुलिस अफसरों को चेतावनी दी कि अगर सुबह तक बदमाश गिरफ्तार नहीं किए गए तो मंगलवार को सभी डॉक्टर हड़ताल पर चले जाएंगे। रात में डॉक्टर और पुलिस अफसरों के बीच बहस भी हो गई। एसपी अमित सांघी ने बताया कि घटना के बाद क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया गया और रात में ही एक आरोपी फाड़ू उर्फ आनंद राठौर को पकड़ लिया गया है।